7 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एक क्लिक पर मिलेंगे एमएलएसयू के दस्तावेज, मार्कशीट से डिग्री तक सब ऑनलाइन

विश्वविद्यालय की इस डिजिटल पहल से हजारों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर वे छात्र जो दूसरे जिलों या राज्यों में रहकर पढ़ाई या नौकरी कर रहे हैं, उन्हें दस्तावेज प्राप्त करने के लिए लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

source patrika photo

छात्रों को यूनिवर्सिटी के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत, ऑनलाइन आवेदन के बाद डाक से घर पहुंचेंगे दस्तावेज, ऑफलाइन लेने का विकल्प भी, यूनिवर्सिटी पहुंचने से पहले ही रहेगा तैयार

उदयपुर. छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत देने के लिए मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द ही एक नई डिजिटल सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस नई वेबसाइट के माध्यम से विश्वविद्यालय से जुड़े किसी भी कॉलेज के छात्र अपनी मार्कशीट, डिग्री या अन्य शैक्षणिक दस्तावेज अब ऑनलाइन आवेदन करके आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद छात्र एक क्लिक पर अपने दस्तावेज की मांग कर पाएंगे और उन्हें दस्तावेज प्राप्त करने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।--

कैसे काम करेगी नई व्यवस्था

विश्वविद्यालय की ओर से तैयार किए जा रहे इस पोर्टल पर छात्रों को सबसे पहले ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। इसके बाद उन्हें जिस दस्तावेज की आवश्यकता है, उसकी मांग पोर्टल के माध्यम से दर्ज करनी होगी। आवेदन के साथ ही आवश्यक शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा। आवेदन पूरा होते ही विश्वविद्यालय प्रशासन उस दस्तावेज की प्रक्रिया शुरू कर देगा।--

दो विकल्प, डाक से या खुद लेकर जाएं

पोर्टल पर छात्रों को दस्तावेज प्राप्त करने के लिए दो विकल्प दिए जाएंगे। यदि छात्र चाहें तो दस्तावेज डाक के माध्यम से सीधे उनके घर भेज दिए जाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जिसके बाद विश्वविद्यालय दस्तावेज तैयार कर निर्धारित पते पर भेज देगा। दूसरे विकल्प में छात्र विश्वविद्यालय आकर दस्तावेज प्राप्त कर सकते हैं। इस स्थिति में छात्र को पोर्टल पर अपनी आने की तिथि दर्ज करनी होगी और जब वह विश्वविद्यालय पहुंचेगा तो उसका दस्तावेज पहले से तैयार मिलेगा। इससे छात्रों को घंटों लाइन में लगने या कई बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नई वेबसाइट की खास बात यह है कि इसमें विश्वविद्यालय से जुड़े सभी संबद्ध कॉलेजों को जोड़ा जा रहा है। इससे बाहर के जिलों में रहने वाले छात्रों को भी काफी सुविधा मिलेगी। वे अपने जिले से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और दस्तावेज प्राप्त कर सकेंगे।

बाहरी जिलों के छात्रों के लिए भी नई योजना

विश्वविद्यालय प्रशासन भविष्य में ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर भी काम कर रहा है, जिसके तहत बाहरी जिलों के छात्रों को उनके दस्तावेज उनके ही जिले के कॉलेज में उपलब्ध हो सकें। इससे दूर-दराज के छात्रों को उदयपुर आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें अपने दस्तावेज स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगे।---

छात्रों को मिलेगी राहत

विश्वविद्यालय की इस डिजिटल पहल से हजारों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर वे छात्र जो दूसरे जिलों या राज्यों में रहकर पढ़ाई या नौकरी कर रहे हैं, उन्हें दस्तावेज प्राप्त करने के लिए लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। ऑनलाइन व्यवस्था से समय और धन दोनों की बचत होगी और विश्वविद्यालय की सेवाएं अधिक पारदर्शी व आसान बनेंगी।