14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Udaipur News: ताबड़तोड़ हमला कर दो युवकों की हत्या, गांव में तनाव के हालात, भारी पुलिस जाप्ता तैनात

उदयपुर जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र के सैलाना गांव में शुक्रवार रात रंजिश के चलते दो युवकों की हत्या और बीच बचाव करने आए युवक को घायल करने की घटना के दूसरे दिन शनिवार को हालात तनाव पूर्ण रहे।

2 min read
Google source verification

वार्ता करते हुए ग्रामीण: फोटो पत्रिका

झाड़ोल (उदयपुर)। जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र के सैलाना गांव में शुक्रवार रात रंजिश के चलते दो युवकों की हत्या और बीच बचाव करने आए युवक को घायल करने की घटना के दूसरे दिन शनिवार को हालात तनाव पूर्ण रहे। मृतकों के परिजन और रिछावर व रौप गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष हथियारों के साथ सैलाना पहुंचे, जिससे गांव में दिनभर आक्रोश और तनाव का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष कार्रवाई, मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए मुआवजे और संविदा पर नौकरी देने की भी मांग की।

आला भी अधिकारी पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही बाघपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी अंजना सुखवाल, झाड़ोल डीएसपी विवेक सिंह राव सहित आसपास के 6 थानों सहित उदयपुर से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को झाड़ोल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। देर शाम तक समझौता वार्ता जारी रही।

यह रहा घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है। रिछावर निवासी सुरेश (25) पुत्र अमृत अहारी और भैरूलाल (27) पुत्र प्रभुलाल बड़गोजा बाइक पर सैलाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों के हाथों में तलवार और अन्य धारदार हथियार थे। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी।

किया ताबड़तोड़ हमला

इसी रंजिश के चलते एक पक्ष के युवक तलवार और बोतले लेकर पहुंचे और दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान पास ही किराना दुकान चला रहे सुमित (30) पुत्र रूपजी ने शोर सुनकर बीच-बचाव करने की कोशिश की। लेकिन हमलावरों ने उस पर भी तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े

हंगामा और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से निकलकर घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस से झाड़ोल उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर उसे उदयपुर के एमबी चिकित्सालय रेफर किया गया।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।