
पीपली आचार्यान.समीपवर्ती एमड़ी गांव के श्मशान मार्ग पर शनिवार देर रात शिकार की तलाश में घूम रहा एक पैंथर बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रात करीब 12 बजे बिजली लाइन में फॉल्ट आने से गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर पहुंचे लाइनमैन कन्हैयालाल कुमावत ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की। कांकरोली विद्युत निगम के सहायक अभियंता नितेश लोधा ने बताया कि रविवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो ट्रांसफार्मर पर पैंथर का शव दिखाई दिया।घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। इस पर वन विभाग के रेंजर सत्यानंद गरासिया के नेतृत्व में वन रक्षक हेमंत नागदा, पन्नालाल कुमावत और गिरधारीलाल सैनी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पैंथर के शव को कब्जे में लेकर पीपरड़ा नर्सरी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। वन विभाग के रेंजर ने बताया कि मृत पैंथर करीब एक वर्ष की मादा थी। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वन विभाग ने करंट लगने से पैंथर की मौत की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
फोटो कैप्शन :
एमड़ी गांव में ट्रांसफार्मर पर चढ़ने के दौरान करंट की चपेट में आने से मृत मादा पैंथर। पीपली आचार्यान
Updated on:
03 Aug 2026 06:02 am
Published on:
03 Aug 2026 06:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
