
उदयपुर . मां की मौत के बाद अनाथ हुई नाबालिग पर ताई सहित अन्य परिजन जबरन विवाह करने का दबाव बना रहे थे जिससे वह घर से भागकर बड़ी बहन के गांव चली गई। बहन व जीजा ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। समिति ने परिजनों को तलब करते हुए बालिका को बहन के सुपुर्द किया। उदयपुर की इस नाबालिग ने समिति को बताया कि मां की मौत होने के बाद वह और छोटी बहन ताई के साथ रहती है। बड़ी बहन शादी होने पर ससुराल चली गई। सातवीं कक्षा के बाद परिजनों ने उसकी पढ़ाई छुड़वा दी। महज 15 वर्ष की उम्र में ताई ने उसका सलूम्बर में रिश्ता तय कर दिया। रविवार को वे लोग वहां से कपड़े लेकर पहुंचे, तभी वह घर भागकर बड़ी बहन के गांव चली गई। नाबालिग ने अधिवक्ता अशोक सिंघवी व ललित मेनारिया के साथ सीडब्ल्यूसी को आवेदन देते हुए पूरी पीड़ा बताई। बालिका ने बयानों में समिति आगे पढऩे की इच्छा भी जाहिर की। समिति ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी।
बाल विवाह नहीं करने की समझाइश
उदयपुर . जेजे हॉस्पिटल एवं मेटरनिटी होम उदयपुर, जीवन ज्योति सेवा संस्थान डूंगरपुर, आरएसडब्ल्यू एम लिमिटेड एवं लायंस क्लब ऋषभदेव के तत्वावधान में ऋषभदेव के गुरुकुल ग्राउंड में नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर, बाल विवाह उन्मूलन एवं विधिक साक्षरता कैंप का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश परमवीर सिंह चौहान ने बाल विवाह कानून की जानकारी देते हुए उसकी रोकथाम के लिए जागरूक रहने की बात कही। साक्षरता कैंप में विधिक सेवाओं की जानकारी के साथ आगामी 22 अप्रेल को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी। अध्यक्षता कर रहे उपखंड अधिकारी शैलेश सुराणा ने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यक्रमों से समाज की मानसिकता को बदला जा सकता है। विशिष्ट अतिथि डीवाईएसपी शोभागसिंह, न्यायाधीश पंकज सांखला, न्यायिक मजिस्ट्रेट मनोज जीनगर, तहसीलदार केसर सिंह, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मण मीणा, पीआरओ नरेश मीणा, सीडीपीओ सरोजिनी लट्टा, थाना अधिकारी अशोक आंजना व सरपंच रीना अहारी आदि थे। प्रारम्भ में जीवन ज्योति सेवा संस्थान के डायरेक्टर जिनेंद्र गुप्ता ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते डाला।
विशेषज्ञों ने दी सेवाएं
शिविर में वरिष्ठ महिला चिकित्सक स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ अनीता अग्रवाल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ हिमांशु चौधरी, जनरल सर्जन वीरेंद्र कोठारी, फिजिशियन रवि पटेल, नाक कान गला रोग विशेषज्ञ डॉ छगन डांगी , नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ मनीष जैन, दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सिद्धार्थ जैन, गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ धवल गुप्ता, यूरोलॉजिस्ट, डॉ कनुभाई चौहान ने मरीजों को नि:शुल्क सेवाएं दी।
Published on:
10 Apr 2018 06:30 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
