भूपालपुरा थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर सप्लाई करने के मामले में दो भाईयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को घर से पकड़ा और पैदल ही मोहल्ले से घुमाते हुए थाने पहुंचाया। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि मादक पदार्थ रोकथाम को लेकर अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। सूचना मिली कि दो भाई मादक पदार्थ सप्लाई करते हैं। इस पर पुलिस ने भूपालपुरा मठ निवासी आलम खान और मोहित खान के घर पर दबिश दी। दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे, जिनका पीछा करके दबोचा। आरोपियों के पास 2.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। पुलिस की ओर से दोनों को गिरफ्तार करके घर से थाने तक पैदल लाया गया। इस दौरान क्षेत्रवासी उन्हें इस तरह से गिरफ्तार कर ले जाते हुए देखते रहे। दोनों गर्दन झुकाए पुलिस के साथ चलकर थाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में दोनों का काफी भय व्याप्त है, जिससे लोग शिकायत करने से डरते हैं। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में खुशी है।