उदयपुर

शेरपा अमिताभ कांत व विदेश मंत्रालय के दल ने उदयपुर में देखी व्यवस्थाएं

- जी-20 शेरपा बैठक के लिए तैयारियां जोरों पर - बेहतर व्यवस्थाओं के लिए दिए निर्देश - शेरपा प्रमुख बोले- बैठक अच्छा अवसर, इससे उदयपुर व राजस्थान का नाम दुनियाभर में पहुंचेगा

2 min read
Dec 02, 2022
शेरपा अमिताभ कांत व विदेश मंत्रालय के दल ने उदयपुर में देखी व्यवस्थाएं

लेकसिटी में 5 से 7 दिसंबर तक होने वाली जी-20 शेरपा बैठक की तैयारियां जोरों पर हैं। जी-20 की पहली बैठक उदयपुर में होने से इसकी व्यवस्थाओं का जायजा लेने भारत के शेरपा अमिताभ कांत सोमवार को विदेश मंत्रालय के आला अधिकारियों के साथ उदयपुर पहुंचे। उन्होंने यहां दिनभर तैयारियों का जायजा लिया। विदेश मंत्रालय जी-20 सचिवालय के संयुक्त सचिव नगराज नायडू व भावना सक्सेना तथा विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के दल ने शेरपा अमिताभ कांत के मार्गदर्शन में संभागीय आयुक्तालय सभागार में बैठक में हिस्सा लिया।शेरपा कांत ने कहा कि यह बैठक हमारे लिए एक अच्छा मौका है, इसके माध्यम से उदयपुर और राजस्थान को पर्यटन की दृष्टि से दुनियाभर में पहुंचाया जा सकेगा। यहां आने वाले मेहमान उदयपुर की मेहमानवाजी के माध्यम से राजस्थान की कला के विविध रंग, सांस्कृतिक विशिष्टता और यहां के प्राकृतिक सौंदर्य की बेहतर छवि को अपने साथ ले जा सकेंगे। उन्होंने टीम उदयपुर के कार्य को बेहतर बताते हुए संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट व जिला कलक्टर ताराचंद मीणा के प्रयासों की सराहना की।

शेरपा कांत ने कहा कि चूंकि जी-20 के तहत उदयपुर में यह पहली बैठक है, ऐसे में सभी को पूरा समन्वय स्थापित करते हुए काम करना होगा। विदेशी अतिथियों की सुरक्षा, आवभगत, बैठक आयोजन, बोट्स की व्यवस्था, पर्यटन स्थलों के भ्रमण आदि की बेहतर व्यवस्था करने व बैठक तय समय पर हो करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिल्पग्राम में राजस्थान की कला-संस्कृति की झलक को प्रस्तुत करने के लिए व्यवस्थाओं के साथ डिजिटल प्रस्तुति की। इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारियों की बैठक को तत्काल आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

-------

कोटड़ा को भी प्रमोट कर सकेंगे

शेरपा कांत ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से हम यहां जनजाति कला-संस्कृति की झलक को भी प्रस्तुत कर सकते हैं। कोटड़ा जैसे इलाके में जहां 98 प्रतिशत ट्राइबल निवासरत है, वहां की कला-संस्कृति की झलक विदेशी मेहमानों के सम्मुख प्रस्तुत कर जनजाति संस्कृति को प्रमोट किया जा सकता है। उन्होंने कलक्टर मीणा द्वारा कोटड़ा के ट्राइबल्स द्वारा अतिथियों के स्वागत की व्यवस्था को भी सराहा। विदेश मंत्रालय से असिन अनवर, अनुज स्वरूप मौजूद रहे। बैठक में गृह विभाग के प्रमुख सचिव आनंद कुमार, एडीजी एस सेंगाथिर, संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, आईजी प्रफुल्ल कुमार, कलक्टर ताराचंद मीणा, एसपी विकास कुमार मौजूद थे। बैठक दौरान राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव ने जी-20 शेरपा बैठक के आयोजन के लिए उदयपुर के चयन और यहां की गई व्यवस्थाओं पर विदेश मंत्रालय द्वारा भरोसा जताए जाने पर आभार जताया।

-----------

कार्यक्रम स्थलों का लिया जायजा

शेरपा अमिताभ कांत, संयुक्त सचिव नगराज नायडू व विदेश मंत्रालय के दल ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ आयोजन के लिए प्रस्तावित स्थलों का जायजा लिया। अधिकारियों के दल ने सभी पांच सितारा होटल्स व शिल्पग्राम का दौरा किया।

Published on:
02 Dec 2022 09:14 am
Also Read
View All

अगली खबर