
source patrika photo
क्रिटिकल केयर यूनिट के काम के चलते सुविधाएं बाधित, बुजुर्ग और गंभीर मरीज सबसे ज्यादा परेशान
उदयपुर. एमबी हॉस्पिटल में इन दिनों निर्माण कार्य मरीजों की सुविधा पर भारी पड़ रहा है। क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण के चलते आईएलआई ओपीडी का गेट बंद कर दिया गया है, इससे मरीजों को लंबा चक्कर लगाकर अस्पताल में प्रवेश करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्ग और गंभीर मरीजों के लिए यह रास्ता किसी ‘पहाड़’ से कम नहीं है। वहीं, महीनों से बंद पड़ी लिफ्ट और अवरुद्ध सीढ़ियां उनकी मुश्किलों को और बढ़ा रही हैं ।
शॉर्टकट गेट बंद, बढ़ा मरीजों का सफर
कोरोना काल में मरीजों की सुविधा के लिए खोला गया आईएलआई ओपीडी गेट (चेंबर गेट) अब बंद कर दिया गया है। यह गेट मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण शॉर्टकट था, इससे वे सीधे रेडियो डायग्नोसिस विभाग के सामने से लिफ्ट तक पहुंच जाते थे। लेकिन अब इस गेट पर ताला लगने से मरीजों को मुख्य प्रवेश द्वार से लंबा चक्कर लगाकर अस्पताल में प्रवेश करना पड़ रहा है। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग और कमजोर मरीजों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है।---
लिफ्ट और सीढ़ियां बंद, मुश्किलें दोगुनी
अस्पताल में पहले से ही अव्यवस्थाओं का आलम है। आउटडोर की मुख्य लिफ्ट पिछले करीब छह महीनों से बंद पड़ी है। वहीं, निर्माण कार्य के चलते तीसरी और चौथी मंजिल की सीढ़ियों को भी सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है। ऐसे में मरीजों को भवन के कोनों पर स्थित लिफ्ट तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। यह दूरी बीमार और बुजुर्ग मरीजों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
डेडलाइन बीती, काम अब भी अधूरा
प्रशासन ने दावा किया था कि क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन हकीकत इससे उलट है। मार्च माह बीतने के बावजूद निर्माण कार्य धीमी गति से जारी है। अधूरे काम के चलते कई जगहों पर छत से पानी टपकने की समस्या सामने आ रही है, इससे फर्श गीला हो जाता है और मरीजों के फिसलने का खतरा बना रहता है।---
मरीजों की पीड़ा: इलाज से पहले ही थकान
अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजन लगातार अपनी परेशानी जाहिर कर रहे हैं। एक बुजुर्ग मरीज के परिजन ने बताया कि मुख्य गेट से लिफ्ट तक पहुंचते-पहुंचते मरीज की हालत और बिगड़ जाती है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था तो की है, लेकिन वह पर्याप्त नहीं है।
सुरक्षा के लिए बंद किया गया रास्ता: अधीक्षक
निर्माण कार्य के दौरान उस मार्ग से निकलने वाले मरीजों के साथ किसी प्रकार का हादसा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए आईएलआई ओपीडी का गेट से बंद किया गया है। मरीजों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
डॉ. आर.एल. सुमन, अधीक्षक, एमबी हॉस्पिटल
Published on:
30 Mar 2026 06:01 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
