2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उदयपुर में बनेंगी नई सड़कें, ब्रिज का विस्तार समेत होंगे कई काम, UDA ने 1020 करोड़ रुपए का बजट किया जारी

Udaipur Development: फतहसागर क्षेत्र में डेकोरेटिव लाइट पोल लगाए जाएंगे, बड़गांव से एनएच-27 तक एलईडी लाइटें लगेंगी और प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, ड्रेनेज व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, पार्कों का सौंदर्यीकरण और पर्यटन स्थलों का विकास भी किया जाएगा।

4 min read
Google source verification
Udaipur UDA scheme

Photo- Patrika

Udaipur Development Authority Budget: उदयपुर शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने, पर्यटन स्थलों को और आकर्षक बनाने तथा आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने आगामी वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1020.04 करोड़ रुपए का बजट जारी किया है। इसके जरिए शहर में कई बड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी।

आयड़ नदी पर स्थित हाई लेवल ब्रिज का विस्तार किया जाएगा, जबकि भुवाणा से अंबेरी फ्लाईओवर तक मुख्य मार्ग चौड़ा होगा। फतहसागर क्षेत्र में डेकोरेटिव लाइट पोल लगाए जाएंगे, बड़गांव से एनएच-27 तक एलईडी लाइटें लगेंगी और प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, ड्रेनेज व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, पार्कों का सौंदर्यीकरण और पर्यटन स्थलों का विकास भी किया जाएगा।


राजीव गांधी स्मृति उद्यान सहित कई पार्कों को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा, जबकि शहर में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने के लिए नए नालों का निर्माण और पुराने नालों का सुधार किया जाएगा। इसके अलावा यूडीए क्षेत्र में शामिल गांवों में भी सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर ध्यान दिया जाएगा।

बजट में आय व्यय के दोनों मदों में समान राशि रखा प्रावधान

यूडीए की ओर से जारी इस बजट में आय और व्यय दोनों मदों में समान राशि का प्रावधान रखा गया है और बजट को नए प्रारूप में तैयार करते हुए विभिन्न मदों को आय-व्यय के साथ संपत्ति और देनदारी के रूप में भी वर्गीकृत किया गया है, जिससे वित्तीय प्रबंधन अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगा। प्राधिकरण ने विकास कार्यों के लिए 814.70 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा है, जिसमें 336.12 करोड़ पहले से स्वीकृत और चल रहे कार्यों को पूरा करने तथा 478.57 करोड़ की नई परियोजनाओं पर खर्च किए जाएंगे। इससे आने वाले समय में शहर की यातायात व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और पर्यटन ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

शहर को मिलेंगी ये 6 बड़ी सुविधाएं

  1. आयड़ नदी पर हाई लेवल ब्रिज का विस्तार: प्रतापनगर-बलीचा मार्ग पर स्थित पुराने पुल का विस्तार होगा, जिससे दक्षिणी क्षेत्र और औद्योगिक इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
  2. जयसमंद रोड पर रोड ओवरब्रिज विस्तार: स्टेट हाईवे-32 पर स्थित ओवरब्रिज को चौड़ा किया जाएगा, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही आसान होगी और ट्रैफिक जाम कम होगा।
  3. भुवाणा से अंबेरी फ्लाईओवर तक सड़क मजबूत: भुवाणा से अंबेरी फ्लाईओवर तक इस महत्वपूर्ण मार्ग को सुदृढ़ और चौड़ा किया जाएगा, जिससे शहर के पश्चिमी हिस्से की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
  4. फतहसागर रानी रोड का आधुनिकीकरण: रानी रोड को आधुनिक तकनीक से रेट्रोफिटिंग कर आकर्षक बनाया जाएगा, जिससे पर्यटन और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
  5. नई सड़कें और चौड़ीकरण: मास्टर प्लान के तहत 145.17 करोड़ रुपए से कई नई सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण किया जाएगा। इनमें चारों तरफ शहर का रोड नेटवर्क जुड़ेगा।
  6. बनेंगे शहर के भव्य प्रवेश द्वार: शहर एन्ट्री प्वाइंट गोगुंदा रोड, बड़गांव रोड, अंबेरी (नाथद्वारा रोड), देबारी (चित्तौड़ रोड), बलीचा (अहमदाबाद रोड) पर 3 करोड़ की लागत से भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे।

इन प्रमुख मार्गों का होगा निर्माण और विस्तार

  • शिल्पग्राम तिराहा से टीबी हॉस्पिटल बड़ी रोड
  • महाकाल चौराहा से सुभाष सर्किल होते हुए रामपुरा सर्किल तक
  • फतहपुरा पुलिस चौकी से रानी रोड जंक्शन
  • सीसरमा से नांदेश्वर सड़क
  • ट्रांसपोर्ट नगर, गोवर्धन विलास में 80 फीट सड़क
  • हाड़ी रानी सर्किल से जड़ाव नर्सरी रोड
  • सरस डेयरी से बलीचा तिराहा सड़क
  • ड्रेनेज व्यवस्था मजबूत करने पर 33 करोड़ खर्चबरसात के दौरान शहर में जलभराव की समस्या को देखते हुए यूडीए ने 33.48 करोड़ रुपये से नए नाले बनाने और पुराने नालों के सुदृढ़ीकरण का निर्णय लिया है।

ये ड्रेनेज होंगे सही

  • सतोरिया नाला कवरिंग
  • समता नगर, तितरड़ी और प्रेम नगर में नाला निर्माण
  • झरनों की सराय तालाब से श्रीराम कॉलोनी तक नाला
  • टाइगर हिल क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम विकास
  • बिजली और सौर ऊर्जा पर 45 करोड़शहर में रोशनी और ऊर्जा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 45.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

चौराहे पर लगेगी हाईमास्ट

  • फतहसागर क्षेत्र में डेकोरेटिव लाइट पोल
  • बड़गांव से एनएच-27 तक एलईडी लाइट
  • जड़ाव नर्सरी से कलड़वास तक प्रकाश व्यवस्था
  • प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट
  • विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड करना

पार्कों और भवनों में सोलर प्लांट

  • पार्क, पर्यटन और हरित विकास पर फोकस
  • राजीव गांधी स्मृति उद्यान रेट्रोफिटिंग- 6.14 करोड़
  • रामगिरी पहाड़ी को ऑक्सीजन हब- 20.05 करोड़
  • अन्य पार्क विकास- 13 करोड़
  • पहाड़ियों का संरक्षण- 1.80 करोड़
  • पर्यटन और सौंदर्यीकरण
  • शहर के प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार- 3 करोड़
  • चौराहों का विकास और लैंडस्केपिंग- 1.85 करोड़
  • झीलों की सफाई और सौंदर्यीकरण – 2 करोड़
  • सांस्कृतिक विकास
  • स्थानीय कलाकारों द्वारा शहर में चित्रकारी-1.30 करोड़
  • जल संरचनाओं का संरक्षण
  • तालाब, डेम और बावड़ियों का जीर्णोद्धार- 16.03 करोड़

खेल और सार्वजनिक सुविधाएं

  • महाराणा प्रताप खेलगांव विकास- 6.50 करोड़
  • श्मशानों में सुविधाएं- 3.25 करोड़
  • नए टॉयलेट ब्लॉक- 1.55 करोड़

गांवों में भी होंगे विकास कार्य

यूडीए क्षेत्र में शामिल 206 गांवों में सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य विकास कार्यों के लिए 26.50 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा हाल ही में यूडीए क्षेत्र में जुड़े 70 नए गांवों में विकास कार्यों के लिए 20 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है।

नई आवासीय कॉलोनियों में होगी पेयजल व्यवस्था मजबूत

  • नई आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए 17.90 करोड़ रुपए का प्रावधान।
  • नई पाइपलाइन बिछाने, शिफ्टिंग और जल आपूर्ति प्रणाली सुधारने के काम होंगे।
  • शहर के प्रमुख उद्यानों के विकास के लिए 6.14 करोड़ रुपए स्वीकृत।
  • रामगिरी पहाड़ी और बड़ा गांव क्षेत्र को ऑक्सीजन हब के रूप में विकसित करने के लिए 20.05 करोड़ रुपए निर्धारित।

हाईवे और रिंग रोड कनेक्टिविटी होगी मजबूत

  • एनएच-27 से लखावली स्कीम (60 फीट रोड) तक नई सड़क का निर्माण।
  • एनएच-76 से पुरोहितों का तालाब तक संपर्क मार्ग मजबूत किया जाएगा।
  • शोभागपुरा सर्कल-यूनिवर्सिटी 100 फीट रोड पर यातायात सुधार कार्य।
  • आरके सर्कल से शोभागपुरा 80 फीट रोड (अशोका पैलेस जंक्शन) पर भी यातायात सुधार और विकास कार्य।

उपनगरीय क्षेत्रों में बड़ा सड़क नेटवर्क का विस्तार

  • हिरण मगरी सेक्टर-9 में 80 फीट रोड (क्रिस्टल प्लाजा) से आरके पुरम अंडरपास तक नई सड़कें।
  • सवीना सबसिटी सेंटर में रेती स्टैंड से बैंक ऑफ बड़ौदा तक 100 फीट सीसी रोड।
  • अटल सर्कल के चारों ओर सीसी रोड का निर्माण।
  • साउथ एक्सटेंशन योजना के ब्लॉक A, B और D में आंतरिक सड़कों के साथ 100 फीट रोड।
  • गांवों और बाहरी क्षेत्रों में भी विकास कार्य
  • बेड़वास, एकलिंगपुरा, रेबारियों का गुड़ा, रकमपुरा, झरनों की सराय, देबारी और ढीकली में नई सड़कें
  • ढीकली के राजस्व ग्राम वाड़ा में सड़क के साथ नाली और सीवरेज निर्माण
  • ट्रांसपोर्ट नगर में 80 फीट सड़क और पार्किंग क्षेत्र में सीसी पेवमेंट
  • मादड़ी अंडरपास से काला भाटा तक सड़क चौड़ीकरण
  • प्रतापनगर- बलीचा 4 लेन के दोनों ओर सर्विस रोड
  • माली कॉलोनी जंक्शन से जे.सी. बोस हॉस्टल तक सड़क मजबूतीकरण