2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उदयपुर: शादी समारोह से घर लौट रहे युवक पर धारदार हथियारों से हमला, मौके पर मौत

उदयपुर जिले के पाटिया थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा घाटी बलीचा में कुछ लोगों ने एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
Udaipur murder case

फोटो पत्रिका नेटवर्क

नयागांव (उदयपुर)। जिले के पाटिया थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा घाटी बलीचा में कुछ लोगों ने एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर परिजन अड़ गए।

जानकारी के अनुसार, खेड़ा घाटी निवासी निलेश उर्फ पप्पू गरासिया (35) सोमवार रात गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम से भोजन करने के बाद वह अपने चचेरे भाई नरेश के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पीछे से कुछ युवक आए और उस पर हमला कर दिया।

मौके पर हो गई मौत

जैसे ही निलेश ने बचने की कोशिश की, पहले से घात लगाकर बैठे अन्य हमलावरों ने सामने से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। हमलावरों ने उसके हाथ, सिर और गर्दन पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने पर वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान साथी युवक ने शोर मचाया, जिसके बाद शादी समारोह से लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन

सूचना मिलने पर पाटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खेरवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्रित हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शव को घटनास्थल पर लाने की भी मांग की।

गुजरात में करता था ठेकेदारी का काम

बताया गया कि मृतक निलेश गुजरात में ठेकेदारी का कार्य करता था। घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। मौके पर ऋषभदेव वृत्ताधिकारी राजीव राहर, पहाड़ा थाना अधिकारी उम्मेदी लाल मीणा, पाटिया थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राव सहित भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। प्रथम दृष्टया हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आ रही है।

मामला दर्ज

मृतक के भाई शिवशंकर गरासिया ने पाटिया थाने में अनिल कुमार, जेपिन, बद्रीनाथ, प्रदीप (सभी पुत्र सुखलाल), जगदीश पुत्र अमृत गरासिया और हितेश पुत्र वालजी गरासिया निवासी खेड़ा घाटी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस का कहना

ऋषभदेव वृत्ताधिकारी राजीव राहर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। परिजनों से समझाइश कर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।