- राजस्थान पत्रिका के जागो जनमत में युवतियों ने रखी अपनी राय
उदयपुर. पर्यटन की बात आते ही हमारे शहर का नाम आता है। देश ही नहीं विदेशों में भी हमारी सांस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरे, अरावली की वादियों की सुंदरता प्रसिद्ध है। शहर के लोग विकास तो चाहते हैं, लेकिन यहां की विरासत और प्राकृतिक सुंदरता के बदले विकास नहीं चाहते। कुछ इसी प्रकार के विचार राजस्थान पत्रिका के जागो जनमत अभियान के तहत गुरुनानक गर्ल्स कॉलेज के विद्यार्थियों ने रखे। एक निजी कॉलेज की छात्राओं और प्रोफेसरों ने शहर के मुद्दों को लेकर बेबाक अपनी राय रखी।
ऐसा प्रतिनिधि चाहिए जो कि ईमानदार हो, लोगों के लिए काम करें। स्थानिय समस्याओं को आगे तक ले जाए और उनका समाधान करें। केवल भाषण देने वाले प्रतिनिधि नहीं चाहिए।
- तनिषा पटेल
शहर की खूबसूरती पहाड़ों से है। हमारे पास रहने के लिए कई स्थान है, इसके बावजूद पहाड़ों को काटकर यहां की सुंदरता को नष्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही पर्यटन क्षेत्र ही नहीं आम नागरिकों के मोहल्ले, कॉलोनियां आदि में भी ध्यान दिया जाए। यहां सड़कों की बदहाल िस्थति को सुधारे, स्वच्छता पर भी उचित ध्यान देने की आवश्यकता है।
- विधि विनियारा
शिक्षा और देश के बारे में सोचे आम नागरिकों के कल्याण के बारे में सोचने वाला जनप्रतिनिधि चाहिए। क्षेत्र के विकास के साथ ही यहां की भौगोलिक संस्कृति और प्रसिद्ध स्मारकों को सहेजकर रखने वाला प्रतिनिधि होना चाहिए।
- पूजा भोई
महिलाओं को सुरक्षा मिलनी चाहिए। महिला अपराधों पर तुरंत कार्रवाई के साथ ही न्यायालय में विचाराधीन मामलों के फैसले तुरंत होने चाहिए। जनप्रतिनिधियों और पार्टियों द्वारा चुनाव के समय किए जाने वाले वादे पूरे होने चाहिए।
- साक्षी आंजना
उदयपुर में अब तक हुए विकास व्यविस्थत नहीं है। यहां ऐसे प्रतिनिधि की आवश्यकता है जो विकास की बात करें और उसे सुव्यविस्थत तरिके से व्यावहारिकता में लाए। इससे हमारे शहर की विश्व पटल पर अलग ही तस्वीर सामने आएगी।
- सुनीता सुथार
विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा के पेपर लीक मामले में सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए। महिला अपराधों को लेकर कड़े कानून बनाए जाए। हमारी नदियां और जलाशय साफ हो। लोगों की याचनाएं सुनकर उनका उचित समाधान किया जाए। स्टूडेंट वेलफेयर के काम हो। इससे कई समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
- निशा जाट
उदयपुर में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से समृद्ध क्षेत्र है। यही कारण है कि यहां निरंतर पर्यटन बढ़ रहा है।
जो भी प्रतिनिधि चुना जाए वह इस शहर में ऐसे विकास करवाए कि यहां की सुंदरता और भी बढ़ सके। - कृतिका पटेल
वर्तमान समय में बेरोजगारी की समस्या सर्वाधिक है। इस समस्या को दूर करने की दिशा में काम करने की आवश्यकता है। सरकारी संस्थाओं के साथ ही निजी क्षेत्र में भी न्यूनतम वेतन का निर्धारण किया जाना चाहिए।
- गुड्डू मोटवालिया
शहर में जगह-जगह गड्ढ़े हैं, उन्हें सही करवाने के साथ ही झीलों के संरक्षण की दिशा में भी काम करने की आवश्यकता है। हमारी झीलों से पेयजल का उपयोग हो रहा है, इनसे पानी का दोहन भी निरंतर बढ़ रहा है। लेकिन इन्हें भरा रखने की दिशा में काम नहीं हो रहा। इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
- डॉ. अनुराधा मालविया
उदयपुर बेसिन विश्व में एकमात्र ऐसा बेसिन है, जहां नदियों का जोड़ा गया और उन्हें मोड़ा गया। इसके साथ ही यहां झीले और तालाब भी है। ये ऐसी प्राकृतिक धरोहरे हैं जिन्हें सहेजने की आवश्यकता है। इस बेसिन के प्राकृतिक सौंदर्य को नष्ट किया जा रहा है। झीलों की आवक मार्ग को भी रोका गया है। इस दिशा में बड़े स्तर पर काम करने की आवश्यकता है।
- प्रो. एनएस राठौड़