
शेर मोहम्मद, अदीब कुरैशी, मोहम्मद अयान और गुलाम (फोटो- पत्रिका)
udaipur road accident: उदयपुर शहर के सवीना थाना क्षेत्र में बाइपास पर शनिवार तड़के तीन बजे दो कारों की भिड़ंत में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों कारें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंसे रह गए। बाद में गेट काटकर लोगों को निकाला गया।
सवीना थाना प्रभारी अजयराज सिंह ने बताया कि हादसे में मुर्शीद नगर सवीना निवासी मोहम्मद अयान (17) पुत्र अब्दुल, बरकत कॉलोनी सवीना निवासी अदीब कुरैशी (14) पुत्र अब्दुल नदीम कुरैशी, मल्लातलाई निवासी शेर मोहम्मद (19) पुत्र फय्याज मोहम्मद और सवीना निवासी गुलाम (17) पुत्र मोहम्मद गनी की मौत हो गई।
उनके साथी वसीम (20) पुत्र यूसुफ और मोहम्मद कैफ (19) पुत्र निजामुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक मोहम्मद अयान का शुक्रवार को जन्मदिन था। इस मौके पर आयोजन के बाद सभी दोस्त चाय पीने हाइवे पर गए थे।
हाइवे बाइपास पर नेला तालाब के पास हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने घायलों को एमबी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां से वसीम को अहमदाबाद रेफर किया गया है। दूसरी ओर मृतकों के पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे गए।
मृतक मोहम्मद अयान का बर्थडे होने से नेला तालाब के पास 'महफिल-ए-मिलाद' कार्यक्रम किया गया था। आयोजन स्थल से कुछ दूर हाइवे पर चाय पीने के लिए सभी पांच दोस्त कार से गए थे। बाइपास हाइवे पर निकले ही थे, तभी तेज गति से आ रही कार से टक्कर हो गई। कुछ देर पहले तक मनाई जा रही खुशी गम में तब्दील हो गई।
जिस कार से टक्कर हुई, वह गुजरात रजिस्ट्रेशन नंबर की थी, जो राजगढ़ चूरू से वापी गुजरात जा रही थी। इसमें सवार परिवार के चार लोग घायल हो गए। कार में सवार महिपाल पुत्र बदीराम जाट, उनकी पत्नी राजबाला, पुत्र राजेश जाट और कर्मवीर सिंह पुत्र राजवीर जाट सवार थे। इनके भी गंभीर घायल होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Updated on:
18 Jan 2026 05:56 am
Published on:
18 Jan 2026 05:55 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
