उदयपुर. पशु परिचर सीधी भर्ती परीक्षा-2023 की शुरुआत रविवार को हुई। कुल 6 चरण में होने वाली परीक्षा के पहले दो चरण शहर के 83 केंद्रों पर हुई। पहली पारी में 63.19 फीसदी और दूसरी पारी में 62.54 प्रतिशत उपस्थिति रही। शहर में 34 हजार अभ्यर्थियों की मौजूदगी के चलते तमाम सड़कों, चौराहों, बस स्टैंड आदि पर भीड़भाड़ रही। लिहाजा शहरवासियों को जाम की स्थिति से गुजरना पड़ा। परीक्षा में प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही उत्तरप्रदेश व अन्य राज्य से अभ्यर्थी उदयपुर पहुंचे थे।परीक्षा विशेषज्ञ माय मिशन नि:शुल्क कोचिंग निदेशक संजय लुणावत व शुभम जैन ने बताया कि राजस्थान का भूगोल, इतिहास, कला एवं संस्कृति, सामान्य विज्ञान, प्रमुख समसामयिक घटनाएं, गणित, पशुपालन से संबंधित प्रश्न पूछे गए। बहु विकल्पात्मक प्रश्नपत्र में 3 घंटे की अवधि में 150 अंकों के 150 प्रश्न पूछे गए थे। परीक्षा में योग्यता के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अर्थात 60 अंक लाना अनिवार्य है।