
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में छाए उदयपुर के युवा
उदयपुर. राजस्थान सरकार तथा राजस्थान युवा बोर्ड के तत्वावधान में 1 से 3 अक्टूबर को सवाई मानसिंह स्टेडियम जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में उदयपुर के युवाओं ने अपनी धाक जमाई। उदयपुर की टीम ने आठ प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त कर मेवाड़ को गौरवान्वित किया। युवा महोत्सव जिला समन्वयक भैरूलाल गायरी ने बताया कि उदयपुर जिले से विभिन्न विधाओं में जिला स्तर पर विजेता रहे 159 प्रतिभागियों ने शिक्षा विभाग के सुशील कुमार यादव, इंद्रा कर्तला, रीतू चंदवानी के नेतृत्व में राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व किया। इसमें आर्ट ऑफ राजस्थान फड़ गायन में मावली ब्लॉक के निलेश एंड पार्टी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रावणहत्था वादन में मावली ब्लॉक के निर्मल प्रजापत तृतीय रहे। सामूहिक लोक गायन में गिर्वा ब्लॉक के निलेश एंड पार्टी द्वितीय, सितार वादन में गिर्वा ब्लॉक से चंदन द्वितीय, मोरचंग में गिर्वा से निलेश तृतीय, ओडिसी नृत्य में बडगांव ब्लॉक से घनिष्ठ औदिच्य तीसरी, शास्त्रीय संगीत में गिर्वा ब्लॉक से भुवन शर्मा द्वितीय तथा कुचीपुड़ी नृत्य में कुराबड़ ब्लॉक से कशिश शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इससे पूर्व 30 सितम्बर को जिला कलेक्टर के निर्देशन में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र जैन, सहायक निदेशक सीडीईओ डॉ दिनेश बंसल, वीरेंद्र यादव ने हरी झंडी दिखा के दल को जयपुर रवाना किया था।
Published on:
05 Oct 2023 06:57 pm

