
53rd priest of Bohra society Dr. Syedna aliqider Muftaq Saifuddin
उज्जैन. बोहरा समाज के धर्मगुरु डॉ. सैयदना आलीकदर मुफद्दल सैफुद्दीन ने वाअज में कौम को हिदायत दी कि किसी का दिल न दुखाएं। हसद (ईष्र्या) नहीं रखें। जिस जगह रहें उसे तो साफ रखें दिलों को भी साफ रखें। मोहब्बत के साथ सभी से मिलजुलकर रहें।
बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना आलीकदर मुफद्दल सैफुद्दीन ने मजारे नजमी में परिसर की कादरी मस्जिद से बोहरा समाज के ३१वें धर्मगुरु सैयदना इस्माइल बदरूद्दीन साहब के उर्स के मौके पर शनिवार को वाअज पेश की। वाअज शुरू होते ही बोहरा समाजजनों की की आखों से आंसू छलक पड़े। सुबह ९.४५ बजे से 1.१५ बजे तक की वाअज में सैयदना साहब ने फरमाया कि गुनाहों से दूर रहें, वतन की खुशहाली और तरक्की में योगदान दें। सैयदना साहब ने अपनी वाअज में अमन, भाईचारा की दुआ करते हुए हर इन्सान की तरक्की की दुआ की। उन्होंने कहा कि सभी ईमानदारी से देश के लिए काम करें। सैयदना साहब ने अब तक उज्जैन आने वाले सभी सैयदना साहबों के सफर और कार्यों का दिन और वर्षवार जिक्र किया। इसमें ५१ वें, ५२ वें धर्मगुरु के साथ उज्जैन में जिन तीन धर्मगुरुओं की मजार है उन्हें याद करते हुए उनके नूरानी और दुआइया कलेमात की जिक्र फरमाया। समाज को शिक्षित करने, व्यापार करने के लिए प्रेरित करने, जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए उनके योगदान को याद किया।
समाज के लिए २.५२ करोड़ रु.
धर्मगुरु सैयदना साहब ने वाअज में उज्जैन वासियों के लिए खूब बरकत की दुआ की है। सैयदना साहब ने बोहरा समाज के लिए कर्जनहसना योजना में २.५२ करोड़ रु देने की घोषणा की। यह राशि बोहरा समाजजनों को बगैर ब्याज के लिए व्यापार-व्यवसाय और अन्य कार्य के लिए लोन के तौर पर दी जाती है।
राज्यपाल मुलाकात करेगी
राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल 12 व १३ मार्च को शहर में रहेंगी। संभवत: पहली बार है कि शहर में राज्यपाल दो दिन रहेंगी। वहीं राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। वे मुख्य रूप से विक्रमोत्सव महोत्सव का शुभारंभ व सैयदना साहब से मुलाकात करेगी।
वाअज के दौरान सन्नाटा
सैयदना साहब की वाअज के दौरान बोहरा क्षेत्रों में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ था। मजार-ए- नजमी के आसपास और अंदर बड़ी संख्या में बोहराजन वाअज सुनने के लिए उपस्थित थे। बोहरा मोहल्लों की चुनिंदा मस्जिदों और जमातखानों में वाअज के सीधे प्रसारण देखने के लिए बड़ी संख्या में बोहराजन जुटे हुए थे। सैफी मोहल्ला, हकीमी मोहल्ला, इब्राहिम पूरा बाखल आदि में धर्मगुरु की वाअज का का लाइव प्रसारण किया गया। इन स्थानों पर वाअज सुनने के लिए हजारों बोहराजन उमड़े। वाअज के बाद धर्मगुरु ने मुल्ला मुर्तजा शेख इस्माइल भाई बड़वाह वाले के घर जियाफात की। शाम को समाज की महिलाओं ने कदमबोसी की। शाम की जियाफत का अवसर रोकडिय़ा परिवार और चादरवाला परिवार को प्राप्त हुआ।
ऊर्जा मंत्री ने सैयदना साहब से भेंट की
ऊर्जा मंत्री पारस जैन ने शनिवार को बोहरा समाज के धर्मगुरु से कमरी मार्ग स्थित मजारे-ए-नजमी परिसर में भेंट की। मंत्री ने सैयदना साहब को पुष्प गुच्छ एवं शॉल भेंट की। राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल 12 मार्च को शाम 4. 30 बजे उज्जैन के बोहरा बाखल पहुंचेंगी और सैयदना साहब से भेंट करेंगी।
महिदपुर में मस्जिद का निर्माण
महिदपुर में बोहरा समाज की नई मस्जिद का निर्माण किया गया है। एक जानकारी के अनुसार धर्मगुरु सैयदना साहब के सोमवार को कुछ समय के लिए महिदपुर जाने की संभावना है। वे नवनिर्मित मस्जिद का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई, लेकिन अधिकृत रूप से घोषणा नहीं हुई है। महिदपुर में लोगों ने धर्मगुरू के स्वागत की तैयारी कर रखी है।
समाजजनों की आंखें छलक पड़ीं
सैयदना साहब के दीदार होते ही मौला मौला, आका मौला की सदाएं गूंजी। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन आका मौला सैयदना मुफद्दल साहब का दीदार करने के लिए आतुर नजर आए। अपने धर्मगुरु की एक झलक पाते ही समाजजन की आंखें छलक पड़ीं। महिला और बच्चे सैयदना साहब की एक झलक पाने के लिए दीवाने थे।
Published on:
11 Mar 2018 06:36 pm

बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
