
'दिग्विजय सिंह कोरोना वायरस हैं, तो मोदी ने बना ली है देसी वैक्सीन'
उज्जैन. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के भाजपा के लिए कोरोना वायरस बताने वाले बयान पर तीखा कटाक्ष किया। शर्मा बोले, अगर दिग्विजयसिंह कोरोना वायरस हैं तो इस वायरस को खत्म करने के लिए मोदी ने देसी वैक्सीन बनाया है। जल्द ही इसका असर दिखाई देगा।
शनिवार शाम शहर आए भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा की। प्रदेश में ओल्ड पेंशन का मुद्दा गर्माने और इसे लागू करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह नीतिगत मुद्दा है, इस पर जो आवश्यक होगा वह निर्णय लेंगे। वहीं प्रधानमंत्री मोदी के रेडियो पर बात करने लेकिन मीडिया से वार्ता नहीं करने पर शर्मा ने कहा कि मोदी मीडिया फ्रेंडली हैं। समय-समय पर मीडिया से खुलकर बात करते हैं। शर्मा से पूछा कि संसद में भी प्रधानमंत्री विपक्ष को नहीं बोलने देते हैं, तो वह बोले- यह विपक्ष का झूठा प्रचार है। आज मोदी सर्वाधिक चहेते नेता हैं। उन्हें बदनाम करने के लिए इस तरह की बातें करते हैं।
भाजपा अध्यक्ष शर्मा रविवार को वार्ड 1 में प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे। शहर आने पर शर्मा के साथ मंत्री मोहन यादव, महापौर मुकेश टटवाल,विधायक पारस जैन, अनिल जैन कालूहेडा व भाजयुमो अध्यक्ष हर्षवर्धनसिंह कुशवाह सहित अन्य नेता मौजूद थे।
100 करोड़ लोग सुन चुके मन की बात
शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 100वें एपिसोड को लेकर कहा कि अब तक देश में 100 करोड़ लोग इसे सुन चुके है। आइआइएम रोहतक के सर्वे का आधार बताकर शर्मा बोले, 23 करोड़ लोग निरंतर मन की बात कार्यक्रम सुन रहे हैं। मन की बात सुनने वाले 55 फीसदी लोगों का कहना है कि उनकी राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव बढ़ा है। 63 फीसदी के मन में सकारात्मक दृष्टिकोण बना है। 58 फीसदी खुद के जीवन में बदलाव महसूस करते हैं। 73 फीसदी सरकार के कामकाज के प्रति आशांवित हैं। अध्यक्ष शर्मा के मुताबिक रविवार के कार्यक्रम में 25 हजार ऐसे स्थान होंगे जहां, 100 से ज्यादा लोग एक साथ मन की बात सुनेंगे। भाजपा ने ऐसी तैयारी की है कि मन की बात सुनने का वर्ल्ड रेकॉर्ड बनेगा।
483 बूथों पर सुनेंगे 100वां एपिसोड
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 100 वें एपिसोड को शहर के सभी 483 बूथों पर सुना जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा नगर के वार्ड 1 में भैरवगढ़ स्थित वीर सावरकर सामुदायिक भवन में बूथ क्रमांक 5, 6, 7, 8 के कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे । मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने बताया कि 483 मतदान केंद्रों में एक साथ विविध रचनात्मक गतिविधियों के कार्यक्रम भी होंगे।
Published on:
30 Apr 2023 02:19 am
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
