
शाजापुर में किस्मत से तो मोहन बड़ोदिया में संख्या के आधार पर बरकरार रहा कांग्रेस का कब्जा, शाजापुर और आगर में टाई रहा मुकाबला, गोटी डालकर हुआ फैसला
शाजापुर-आगर. जनपद पंचायत शाजापुर और मोहन बड़ोदिया के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए बुधवार को निर्वाचन किया गया। इसमें शाजापुर जनपद पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला टाई रहने पर गोटी डालकर अध्यक्ष का फैसला किया गया। इसमें किस्मत ने कांग्रेस का साथ दिया और यहां कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष बना। वहीं मोहन बड़ोदिया में जनपद पंचायत अस्तित्व में आने के बाद से आज तक लगातार 8वीं बार भी कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा। दोनों जनपदों में विजयश्री प्राप्त करने से खासा उत्साह है।
शाजापुर जनपद पंचायत के 25 सदस्यों का मतदान पूर्व में होने के बाद मतगणना और सारणीकरण के बाद परिणाम घोषित हो चुके थे। ऐसे में निर्वाचित जनपद सदस्यों द्वारा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन करना था। बुधवार को इसके लिए समय तय किया गया। जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर सुबह से ही दोनों ही पार्टियों के समर्थकों की भीड़ जुटने लगी थी। जैसे-जैसे निर्वाचन प्रक्रिया आगे बढ़ी यहां पर गहमा-गहमी बढ़ती चली गई। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के बाद यहां अचानक किसी बात को लेकर हंगामा शुरू हुआ। इसी बीच एक युवक के साथ भीड़ ने अचानक मारपीट शुरू कर दी। मशक्कत के बाद पुलिस ने जैसे-तैसे युवक को छुड़ाकर भीड़ से अलग किया। विवाद के बाद यहां पुलिस फोर्स की संख्या बढ़ा दी गई। सडक़ के दोनों और लोगो को खड़ा करवाकर पुलिस ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया।
चिरायु ने शिवहरे को बनाया जनपद अध्यक्ष
मुकाबला टाई होने के बाद गोटी डालकर अध्यक्ष के भाग्य का फैसल किया गया। इसके लिए एक लोटे में दोनों प्रत्याशियों के नाम लिखकर गोटी डाली गई। इसके बाद यहां पर मौजूद 5 वर्षीय चिरायु ने गोटी निकालकर कांग्रेस के शरद शिवहरे को जनपद अध्यक्ष बना दिया। कांग्रेस के अध्यक्ष बनने की सूचना मिलते ही जनपद पंचायत के बाहर खड़े समर्थकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए आतिशबाजी भी की। अध्यक्ष पद का निर्वाचन पूर्ण होने के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया की गई। इसमें भी मुकाबला टाई होने के बाद फिर से डाली गई गोटी में कांग्रेस की कृष्णाबाई इंदरसिंह उपाध्यक्ष चुनी गई।
भाजपा ने की सेंधमारी, 24 ने डाला वोट, बराबरी पर अटका मामला
जनपद पंचायत शाजापुर के सभी कुल 25 वार्ड में से करीब 16 वार्ड में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत का दावा किया गया था। ऐसे में कांग्रेस को यह विश्वास था कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर उनका कब्जा रहेगा, लेकिन बुधवार को अध्यक्ष के मतदान के समय 25 में से कुल 24 जनपद सदस्यों ने ही अपना वोट दिया। एक सदस्य ने वोट ही नहीं डाला। इसके बाद जब मतगणना हुई तो कांग्रेस और भाजपा को 12-12 वोट मिले। जिससे मुकाबला टाई हो गया। यहां पर कांग्रेस समर्थित शरद शिवहरे और भाजपा समर्थित प्रतापसिंह गोहिल को बराबर वोट मिले। इसके चलते गोटी डालकर अध्यक्ष का फैसला किया गया।
अजेय गढ़ में भाजपा नहीं लगा पाई सेंध
जनपद पंचायत के अस्तित्व में आने के बाद से जिले की मोहन बड़ोदिया जनपद पंचायत में कांग्रेस का कब्जा है। लगातार 8वीं बार भी यहां कांग्रेस ने जीत हासिल की। 25 जनपद सदस्यों वाली मोहन बड़ोदिया जनपद पंचायत में कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष पद की उम्मीद्वार मोहनबाई मोतीसिंह कराड़ा 15 वोट प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुई। वहीं उपाध्यक्ष का पद पर गोविंद नागर निर्विरोध निर्वाचित हुए। यहां पर अपने गढ़ को बचाने के बाद कांग्रेसियों ने जमकर जश्न मनाया।
एक 'कराड़ाÓ पर भारी पड़ गए दूसरे 'कराड़ाÓ
त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के बाद भाजपा द्वारा सभी चारों जनपद में अपना कब्जा होने की बात कही गई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष अंबाराम कराड़ा के नेतृत्व में लड़े गए जनपद पंचायत के निर्वाचन में शाजापुर और मोहन बड़ोदिया दोनों जनपद पंचायतों पर भाजपा विजय पताका नहीं फहरा पाई। इधर दोनों ही जनपदों में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं शाजापुर विधायक हुकुमसिंह कराड़ा की रणनीति कारगर साबित हुई। दोनों जनपदों में कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा।
आगर में 8-8 मत पर टाई, गोपाल ने निकाली धरमकुंवर की पर्ची
आगर जनपद में भाजपा का परचम: वर्षों से काबिज कांग्रेस को लॉटरी में मिली हार
आगर मालवा. कांग्रेस के लिए सुरक्षित मानी जाने वाली आगर जनपद पंचायत भी अब भाजपा के खाते में जा चुकी है। बुधवार को हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में दोनों ही पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस-भाजपा के समर्थित उम्मीदवारों को 8-8 मत मिले। टाई हो जाने पर एक 5 वर्षीय छोटे बच्चे ने पर्ची निकालकर अध्यक्ष का फैसला किया, जिसमें भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजय हुईं। वहीं उपाध्यक्ष का पद भी भाजपा के पक्ष में चला गया। पहली बार जनपद आगर में भाजपा को मिली इस सफलता से भाजपाइयों ने जमकर आतिशबाजी की और परिणाम आने के उपरांत विजयी जुलूस निकाला।
सुबह 11 बजे से ही जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में चुनावी गहमा-गहमी आरंभ हो गई। अध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देश पत्र प्रस्तुत करने के उपरांत दोपहर 12:15 बजे तक नाम निर्देशन की संवीक्षा पूर्ण हुई। 12:45 बजे नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण हुई उसके उपरांत दोपहर 1 बजे से 1:30 के बीच मतदान प्रक्रिया सम्पन्न की गई। तत्काल बाद परिणाम की घोषणा कर दी गई। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित पुष्पा कुंवर रामङ्क्षसह तथा भाजपा समर्थित धरम कुंवर पिता दुलेङ्क्षसह ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए थे। 16 सदस्यों वाली जनपद पंचायत में 8-8 मत दोनों ही उम्मीदवारों को मिले जिससे टाई की स्थिति निर्मित हो गई। रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देश पर एक 5 वर्षीय स्कूली बच्चे गोपाल को पुलिसकर्मी जनपद पंचायत कार्यालय लेकर आए और सभी जनपद सदस्यों की मौजूदगी में बच्चे से पर्ची निकलवाई गई जिसमें भाजपा समर्थित धरम कुंवर विजय रही। इसी तरह दोपहर 2:30 बजे बाद जनपद उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया आरंभ हुई जिसमें भाजपा समर्थित शकुंतला हरिनारायण यादव तथा सुंदर यादव पालड़ा व कांग्रेस समर्थित हरिनारायण (फूलङ्क्षसह) गुर्जर ने अपना नामांकन दाखिल किया। वरिष्ठ पदाधिकारियों की समझाइश के बाद भाजपा समर्थित सुंदर यादव ने अपना नामांकन वापस ले लिया। मतगणना उपरांत शकुंतला हरिनारायण यादव को 10 मत मिले वहीं कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को 6 मत प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा समर्थित उम्मीदवार अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों ही सीट पर विजयी हो गए।
गोटी उठाने वाले बच्चे को किया पुरस्कृत
स्कूल से घर जा रहे छोटे बच्चे को पुलिसकर्मी जनपद पंचायत ले आए बच्चे ने मासूमियत भरे अंदाज में अध्यक्ष पद का फैसला करने में अपनी भूमिका अदा कर दी तो विजयी पक्ष की ओर से बच्चे को नकद राशि देकर पुरस्कृत किया गया।
चर्चा जोरों पर... कांग्रेस को कांग्रेसियों ने हराया
आगर जनपद पंचायत में बेहद विपरीत स्थिति निर्मित हुई। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की संख्या करीब 12 से अधिक बताई जा रही थी लेकिन गुटबाजी में बंटी कांग्रेस अपने ही लोगों को नहीं समझा पाई। इसी गुटबाजी का फायदा उठाते हुए भाजपा ने दांव मार लिया। कांग्रेस विचारधारा वाले जनपद सदस्यों को अपने खेमे में शामिल कर भाजपा ने जनपद की कुर्सी पर अपना कब्जा जमा लिया। इस पूरे घटनाक्रम से कांग्रेसी खेमे में खासी मायूसी छायी हुई है। चर्चाएं आम रही कि कांग्रेस यहां भाजपा से नहीं कांग्रेसियों से ही हारी है।
सुबह से ही जमा रही भीड़- जनपद पंचायत परिसर के बाहर सुबह 11 बजे से ही सैंकड़ों लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और समर्थकों के लिए नारेबाजी होने लगी। कोतवाली थाना प्रभारी हरिश जेजुरकर मय अमले के साथ जनपद पंचायत में तैनात रहे।
Published on:
28 Jul 2022 12:57 am
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
