उज्जैन. किन्नर अखाड़े ने रविवार को शहर में हरियाली का संदेश दिया। अखाड़ा आचार्य महामण्डलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी व फाउंडर मेंबर ऋषि अजयदास सहित अखाड़े के पदाधिकारी किन्नरों ने महाकाल मंदिर से जनजाग्रति रैली निकाली। पेशवाई की तर्ज पर किन्नर बग्गियों में सवार होकर निकले। इस दौरान उन्होंने हाथों में पौधे भी ले रखे थे। जगह-जगह लोगों ने रैली में किन्नरों का आशीर्वाद लिया।
पेशवाई ने सिंहस्थ की याद ताजा कर दी
शिप्रा को प्रवाहमान बनाए रखने और हरियाली का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को किन्नर अखाड़े ने हरियाली की पेशवाई निकाली। घोड़े-बग्घी और बैंडबाजों के साथ निकली इस पेशवाई ने सिंहस्थ की याद ताजा कर दी। बग्घी में बैठे किन्नरों के हाथों में पौधे थे, जिससे वे शहरवासियों को हरियाली और पर्यावरण की रक्षा का संदेश दे रहे थे।
सिंहस्थ महाकुंभ से चर्चाओं में आया किन्नर अखाड़ा एक बार फिर नए मकसद को लेकर शहर की सड़कों पर पेशवाई के रूप में निकला। शिप्रा को प्रवाहमान बनाने और पर्यावरण की रक्षा के उद्देश्य को लेकर किन्नर अखाड़ा भी आगे आया है। सद्गमय पारमार्थिक समिति व अखाड़े के पदाधिकारियों ने पौधरोपण का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने सिंहस्थ में मिले जनता के समर्थन के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
किन्नरों ने किया पौधरोपण
अखाड़े की पदाधिकारी मुस्कान ने बताया कि सद्गमय पारमार्थिक समिति के सहयोग से किन्नर अखाड़ा पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुआ है। बाबा महाकाल का पूजन करने के बाद सड़कों पर जनजाग्रति रैली निकाली गई। यह रैली शिप्रा तट तक पहुंची वहां पौधरोपण किया गया।
आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण भी हुई शामिल
किन्नर अखाड़े के इस हरियाली अभियान में आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी भी शामिल होने शहर आई। वे भी बग्घी में सवार होकर किन्नरों के साथ रैली में शामिल हुई और पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने पत्रिका डॉट कॉम से कहा कि पौधरोपण आज के दूषित पर्यावरण को देखते हुए बहुत जरूरी कार्य है। इसमें जन मानस की भागीदारी की भी जरूरत है। वे भी आगे आएं और इस कार्य में मदद करें। सिंहस्थ के दौरान लोगों को पेड़ों की घनी छांव नसीब नहीं हुई, जिससे वे यहां-वहां पेरशान हुए। आने वाले सिंहस्थ में कोई भी ऐसी परेशानी नहीं उठाए, इसी उद्देश्य से हम अभियान में शामिल हुए हैं।
प्रकृति की रक्षा ही उद्देश्य
किन्नर अखाड़े के फाउंडर मेंबर ऋषि अजयदास महाराज ने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हर मनुष्य का धर्म होना चाहिए। इसी लक्ष्य को निर्धारित कर हम इस अभियान से जुड़े हैं। सद्गमय पारमार्थिक समिति के देवेंद्र शर्मा ने बताया कि संस्था पुलिस लाइन सहित शहर की पांच कॉलोनियों में पौधरोपण करेगी।
ये हुए रैली में शामिल
किन्नर अखाड़े की विशाल रैली में कामिनी, पायल, भारती वर्मा सहित अन्य किन्नर शामिल हुए। इनके अलावा दिल्ली से भी कई किन्नर रैली में शामिल होने शहर आए हैं।