6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ये कैसी व्यवस्था : महाकाल मंदिर आने वाले वाहनों की पार्किंग भारत माता मंदिर में

Ujjain News: वीआइपी और प्रोटोकॉल के अलावा सभी वाहनों का प्रवेश यहां से वर्जित, भीड़ के कारण लागू की थी व्यवस्था, अब लंबी दूरी तक चलने को मजबूर दर्शनार्थी

2 min read
Google source verification
Parking of vehicles coming to Mahakal temple in Bharat Mata temple

Ujjain News: वीआइपी और प्रोटोकॉल के अलावा सभी वाहनों का प्रवेश यहां से वर्जित, भीड़ के कारण लागू की थी व्यवस्था, अब लंबी दूरी तक चलने को मजबूर दर्शनार्थी

उज्जैन. बेगमबाग वाले रास्ते से महाकाल मंदिर की तरफ आने वाले चार पहिया वाहनों को भारत माता मंदिर के बाहर बनी पार्किंग की तरफ मोड़ा जा रहा है। महाकाल मंदिर में कार्यरत निजी सुरक्षा एजेंसी के सुरक्षाकर्मी की ड्यूटी दिनभर इसी काम में लगा रखी है कि वह किसी भी निजी वाहन को यहां से भीतर न आने दे। वह सारा दिन यहां आने वालों को भारत माता मंदिर की पार्किंग की तरफ भेजता है।

पर्व व त्योहारों के अवसरों पर उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन ने अल्पकाल के लिए यह व्यवस्था शुरू की थी कि जो भी वाहन बेगमबाग से महाकाल तरफ आ रहे हैं, उन्हें भारत माता मंदिर की तरफ मोड़ दिया जाए और वहां पार्किंग में ही पार्क किए जाए। यह व्यवस्था अब तक बदस्तूर जारी है, जबकि अभी मंदिर में न तो कोई बड़ा पर्व है और न ही दर्शनार्थियों की इतनी अधिक भीड़। फिर भी बेवजह चारपहिया वाहन सवारों को लंबे रास्ते पर चलाया जा रहा है।

वीआइपी और प्रोटोकॉल के वाहन सीधे अंदर...

वीआइपी और प्रोटोकॉल वाले वाहनों को बैरिकेड्स हटाकर सीधे प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं ऑटो, मैजिक वाले भी यात्रियों को यहीं तक छोड़कर चले जाते हैं। इस वजह से दूर दराज शहर से आने वाले दर्शनार्थियों को महाकाल मंदिर तक आने के लिए काफी लंबी दूरी तय करना पड़ रही है।

एक गाड़ी के वसूलते हैं 50 रुपए

भारत माता मंदिर में बनी पार्किंग में जैसे ही गाड़ी अंदर आती है, वहां बैठे लोगों द्वारा 50 रुपए की रसीद उन्हें थमा दी जाती है। यहां आने के बाद दर्शनार्थी को लगता है कि थोड़ी ही दूरी पर महाकाल मंदिर होगा, लेकिन जब उन्हें काफी लंबे रास्ते पर चलना पड़ता है, तो वे परेशान हो जाते हैं। इसके बाद शंख द्वार से उन्हें टनल वाले लंबे रास्ते को भी पार करना होता है, जो कि काफी लंबा है।

महाकाल मंदिर के पीछे शंखद्वार तरफ अभी पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से भारत माता मंदिर की पार्किंग में ही वाहनों को पार्क कराना पड़ रहा है। जल्द ही यहां पार्किंग व्यवस्था होगी, जिससे सभी को सुविधा मिलेगी।
- एसएस रावत, प्रशासक महाकाल मंदिर।