17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शर्ट में आंकड़ा फंसा लेकिन फिर फिसल गया भागीरथ, बोरवेल में फंसे मासूम के लिए रेस्क्यू जारी

Ujjain- उज्जैन के झलारिया गांव में फंसा तीन साल का बच्चा, कुछ नहीं कर सकी बेबस मां, बोरवेल की गहराई में जिंदगी से जंग

2 min read
Google source verification
Rescue operation underway in Ujjain to save three-year-old Bhagirath

Rescue operation underway in Ujjain to save three-year-old Bhagirath

Ujjain- एमपी के उज्जैन में तीन साल का एक बच्चा भागीरथ बोरवेल में फंसा है। झलारिया गांव में बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। हरदा, इंदौर और उज्जैन की SDRF टीम संयुक्त रूप से अभियान चला रही है। भोपाल से NDRF की टीम भी वहां पहुंच चुकी है। मासूम भागीरथ करीब 70 फीट गहराई में फंसा है। उस तक पहुंचने के लिए बोरवेल के समानांतर सुरंग बनाई जा रही है। अब तक करीब 40 फीट गहराई तक खुदाई की जा चुकी है। हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि मासूम भागीरथ मां की आंखों के सामने ही बोरवेल के गड्ढे में जा समाया। वह बेचारी कुछ नहीं कर सकी। मां का रो रोकर बुरा हाल हो चुका है। शुक्रवार को सुबह 4.30 बजे भागीरथ के शर्ट में आंकड़ा फंस गया था। एसडीआरएफ ने तुरंत निकालने की कोशिश की लेकिन वह फिर फिसल गया।

बोरवेल में फंसे भागीरथ को ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है। कैमरे से उसकी स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। समानांतर सुरंग खोदने के काम में 5 पोकलेन मशीन लगी हैं। बीच में चट्‌टानें निकलीं हैं जिससे रेस्क्यू टीमों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

उसके हाथों में रेस्क्यू रोप की रिंग पहनाकर बोरवेल से बाहर निकालने की कोशिश भी सफल नहीं हो सकी है। अब एक बार फिर समानांतर सुरंग बनाकर भागीरथ को निकालने के लिए मशीनों से गड्‌ढा खोदने का काम शुरू कर दिया गया है।

गहराई में जिंदगी से जंग

गुरुवार शाम करीब 7 बजे यह दुर्घटना उज्जैन के बडनग़र तहसील से लगे झलारिया गांव में हुई। राजस्थान के पाली जिले से भागीरथ (3) अपने माता-पिता के साथ भेड़ बकरियां चराने फूफा प्रताप के गांव आया था। खेलते-खेलते वह बोरवेल के खुले मुहाड़े में जा समाया। घटना की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन के साथ एसडीईआरएफ की टीम उसे बचाने के अभियान में जुटी है।

करीब 70 फीट गहरे अंधेरे गड्ढे में सिसकियां भरते मासूम की रात करीब 9 बजे एक झलक कैमरे में दिखी। इस नजारे ने वहां मौजूद हर दिल को दहला दिया। रात एक बजे तक रेस्क्यू के दौरान सफलता हाथ नहीं लगी थी।

बोरवेल में फंसे भागीरथ को पानी-ऑक्सीजन व रोशनी की व्यवस्था

मौके पर उपस्थित वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राहत और बचाव कार्य जारी है। बच्चे को बचाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि रेस्क्यू चल रहा है। बोरवेल के समीप से गड्ढा खोदने का कार्य चल रहा है।

गुरुवार रात 7.30 बजे हादसे की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हुए।
8 बजे 40 फीट में फंसा बच्चा खिसककर 70 फीट नीचे पहुंचा।
9 रात बजे गड्डे में कैमरे की मदद से बच्चे की लोकेशन मिली।
9.30 बजे गड्ढे में रोशनी, पानी ऑक्सीजन के इंतजाम किए गए
10 बजे रात बोरवेल के समानांतर खुदाई शुरू
शुक्रवार 1 बजे रात तक 30 फीट खुदाई पूरी।
शुक्रवार तड़के 5 बजे भोपाल से एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची
बच्चे तक जल्द पहुंचने की उम्मीदें
मौके पर एंबुलेंस भी तैनात