
Road accidents Property broker death
उज्जैन/घोंसला. मंछामन कॉलोनी से नवरात्रि के पहले दिन रविवार तड़के ४ बजे घर से कार लेकर नलखेड़ा में मां बगलामुखी के दर्शन करने निकले प्रॉपर्टी ब्रोकर की सड़क हादसे में मौत हो गई। २ घंटे बाद जब रेलवे से रिटायर्ड पिता के पास मौत की खबर आ गई तो वे चक्कर खाकर गिर पड़े। मां ने देवासगेट थाने में हेडकांस्टेबल देवर को बुलाया, जिन्होंने फोन किया तो पता चला कि उनके बेटे की कार पेड़ से टकरा गई।
हादसा सुबह ५ बजे आगर रोड पर राघवी के पास हुआ है। कार मंछामन निवासी विकास पिता गोपालसिंह देवड़ा (३५) चला रहा था। वह ललित बेगमपुरा, अर्जुन तिरुपति एवेन्यू और स्वप्निल नामदारपुरा के साथ नलखेड़ा जा रहा था। कार के पेड़ से टकराने के बाद आसपास के लोगों ने दोड़कर घायलों को कार से बाहर निकाला और १०८ एम्बुलेंस को इसकी सूचना दी। एम्बुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर से विकास की हालत ज्यादा खराब होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं ललित, अर्जुन और स्वप्रिल को भी सिर में घाव लगे हैं, जो निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
विकास के परिजनों ने बताया कि ४ साल पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। उसकी डेढ़ साल की एक बच्ची भी है। विकास रेती खदान का ठेका और प्रॉपर्टी का काम करता था। वह माताजी का भक्त था। हर नवरात्रि की तरह इस बार भी बगलामुखी दर्शन करने दोस्तों के साथ सुबह ४ बजे घर से निकला था। विकास ने पत्नी को कहा था कि शाम को आकर हरसिद्धि माता दर्शन करने चलेंगे और उसकी मौत की खबर आ गई।
रविवार को राघवी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इधर जैसे ही हिन्दू नव वर्ष के पहले दिन विकास का शव मंछामन कॉलोनी ले जाया गया तो यहां माहौल गमगीन हो गया। विकास के काका देवासगेट थाने में हेड कांस्टेबल हैं और पिता गोपालसिंह देवड़ा रेलवे से सेवानिवृत्त हैं।

Published on:
19 Mar 2018 12:06 pm
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
