
पुलिस-प्रशासन ने निकाला फ्लैग मार्च।
शाजापुर. नवीन कॉलेज में चाकूबाजी की घटना के बाद शाजापुर में तनाव का माहौल था। सोमवार को लोग दहशत में थे लेकिन मंगलवार को लोगों ने राहत की सांस ली। शहर में तैनात पुलिस बल ने कोई अप्रिय घटना नहीं होने दी।
दरअसल शहर के नवीन कॉलेज में एक फरवरी को चाकूबाजी की घटना के बाद सोमवार को शहर में खासा तनाव फैल गया था। भारी पुलिस बल के बीच भी बाइक सवार दर्जनों लोग शहर में घुस आए थे। जिसके चलते शहर में माहौल बिगड़ा और बाजार बंद हो गए थे। घटना के दूसरे दिन शहर में दिनभर शांति रही। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। इसके साथ ही पुलिस द्वारा लगातार सर्चिंग की गई।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को पुलिस के सख्त पहरे के बाद भी सैकड़ों दोपहिया वाहन चालक शहर में प्रवेश करने के लिए एबी रोड तक पहुंच गए थे। यहां पर पुलिस ने वाहन चालकों को खदेड़ा था। इसके बाद भी कुछ वाहन चालक शहर के अंदर आ गए थे। अचानक अफरा-तफरी मचने से बाजार बंद हो गया था। इसके बाद देर शाम को सर्व मुस्लिम समाजजनों ने पुलिस को शिकायती आवेदन सौंपा था। बाद में लालघाटी पुलिस ने अलग-अलग तीन प्रकरण दर्ज किए थे। इसके बाद मंगलवार को भी पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। हालांकि शहर में प्रवेश के मार्गों पर चेकिंग नहीं थी। शहर में भी दिनभर शांति रही। बाजार सामान्य दिनों की तरह ही खुले। इसके बाद भी दिनभर सोमवार को हुए घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं चलती रही। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ड्रोन कैमरे से की निगरानी- एक ओर शहर में जगह-जगह पुलिस बल को तैनात किया गया था। वहीं एहतियात के तौर पर पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे की मदद से स्थिति का जायजा लिया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे की मदद से घरों की छत और पूरे क्षेत्र की स्थिति का निरीक्षण किया गया। दूसरे दिन भी शहर में भारी पुलिस बल के साथ क्यूआरएफ भी मौजूद रही।
शाम को शहर में निकाला फ्लैग मार्च
शहर में आए दिन हो रही घटनाओं के कारण अब पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सख्त हो गया है। ऐसे में लोगों में व्याप्त डर को दूर करने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने मंगलवार शाम को शहर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च में मुख्य रूप से एएसपी आरएस प्रजापति, अपर कलेक्टर मंजूषा विक्रांत राय, डिप्टी कलेक्टर जूही गुप्ता, यातायात प्रभारी सौरव शर्मा सहित जिला पुलिस बल, होमगार्ड, क्यूआरएफ और वीसबल सहित पुलिस वाहन शामिल रहे। शाम 5.15 बजे शुरू हुआ फ्लैग मार्च शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों से लेकर मुख्य मार्गों तक निकला।
कॉलेज में सुबह पुलिस, दोपहर में स्टाफकर्मी रहे मौजूद- शहर में पिछले दो-तीन दिन से जो हालात बने हुए हैं, उसकी शुरुआत नवीन कॉलेज से हुई थी। शनिवार 1 फरवरी को नवीन कॉलेज के चार छात्रों को कॉलेज के ही दो छात्रों सहित दर्जनभर से ज्यादा बाहरी लोगों ने मिलकर मारपीट करते हुए चाकूबाजी की थी। इस मामले के बाद सर्व हिंदू समाजजनों ने इसका विरोध जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही कॉलेज में भी पुलिस के पहरे की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। दूसरे दिन मंगलवार को भी सुबह कॉलेज में पुलिस का पहरा रहा, लेकिन दोपहर को यहां पर पुलिस नहीं थी। ऐसे में कॉलेज प्रबंधन द्वारा अपने स्टाफ के कर्मचारियों को यहां पर तैनात किया गया था। ताकि कोई भी बाहरी तत्व कॉलेज में प्रवेश न कर सकें।
&अब शहर में पूरी तरह से शांति है। जगह-जगह पुलिस तैनात है। पुलिस मोबाइल वाहनों से लगातार गश्त की जा रही है। रात में भी 4 पुलिस मोबाइल वाहनों से गश्त चलती रहेगी। पुलिस की हर गतिविधि पर नजर है।
आरएस प्रजापति, एएसपी-शाजापुर
Published on:
04 Feb 2020 11:49 pm
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
