उज्जैन. शिवरात्रि महापर्व के बाद शिव-पार्वती विवाह का रिसेप्शन हुआ। इससे पहले भूत पिशाच, शाकिनी, डाकिनी का वेश बनाकर धूमधाम से बैंड-बाजे पर नाचते गाते भोले की बरात निकाली गई। शाम से देर रात तक शिव भक्तों ने स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया।
निकली भोले की बरात
रविवार को महाकाल शयन आरती परिवार द्वारा शिव बरात निकाली गई। ये बरात हाथी, घोड़े, पालकी के साथ प्रमुख मार्गों से होते हुए रुद्रसागर स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंची। बरात का स्वागत पुष्पवर्षा और आकर्षक आतिशबाजी से किया गया। भव्य स्वागत के बाद शिव-पार्वती के विवाह उत्सव का रिसेप्शन शुरू हुआ।
ये बने थे पकवान
रसगुल्ले, शुद्ध घी की नुक्ती, खोपरापाक, ड्रायफ्रुट की खीर, पुलाव, भजिए, पापड, साग पूड़ी, शिकंजी, कॉफी, पान, पॉपकॉर्न आदि पकवानों का लुत्फ हजारों भक्तों ने उठाया। आतिशबाजी के साथ भजन कीर्तन किए। महिलाओं ने फूलों की होली खेली। आयोजन रात 11 बजे तक चला।