10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

श्री राम एवं रावण के युद्ध का किया गया मंचन, अहंकार का पुतला हुआ खाक

अस्थाई कुंड में किया गया दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, रावण के पुतले का किया गया दहन

2 min read
Google source verification
अस्थाई कुंड में किया गया दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, रावण के पुतले का किया गया दहन

अस्थाई कुंड में किया गया दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, रावण के पुतले का किया गया दहन

जिला मुख्यालय सहित करकेली, मानपुर, पाली में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय के मंगल भवन, न्यू बस स्टैंड में रावण के पुतले का दहन किया गया। मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में श्री राम जी की पूजा अर्चना, श्री राम एवं रावण के युद्ध का मंचन किया गया तत्पश्चात श्री राम ने रावण का पुतला दहन किया। इसी तरह न्यू बस स्टैंड में आयोजित चल समारोह के कार्यक्रम में भगवान श्री राम, लक्ष्मण की पूजा अर्चना के बाद दुर्गा प्रतिमाओं का चल समारोह निकाला गया, जो बस स्टैंड से निकलकर प्रमुख मार्गों से होता हुआ जय स्तंभ चौक पहुंचा , उसके बाद गांधी चौक से होते हुए खलेसर घाट पहुंचा।
प्रशासन द्वारा तैयार किये गए कुंड में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इसी प्रकार जिला मुख्यालय के बहरा धाम में आयोजित राम लीला के दौरान रावण के पुतले का दहन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। बहराधाम मे आयोजित राम लीला कार्यक्रम में राम रावण संवाद का मंचन किया गया तथा श्रीराम ने रावण के पुतला का दहन किया। 13 अक्टूबर को भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक का कार्यक्रम गांधी चौक उमरिया में किया गया। समिति ने बताया कि 14 अक्टूबर को हवन एवं भंडारे का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
पंडाल में आयोजित किए गए भंडारे
विजयादशमी के दिन नगर के पंडालों में हवन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। नगर के पुराना पोस्ट ऑफिस एवं कालिका पूजा परिवार समिति सहित अन्य पंडालों में भंडारे का आयोजन हुआ। जिसमें सभी ने बढ़ चढकऱ हिस्सा लिया। इसी तरह बिरसिंहपुर पाली, करकेली, मानपुर, नौरोजाबाद के देवी मंदिरों सहित पंडालों में भंडारे का आयोजन किया गया।
दूसरे दिन भी हुआ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन
विजयादशमी के दूसरे दिन बड़ी संख्या में दुर्गा प्रतिमाओ का विसर्जन किया गया। जिला मुख्यालय के अस्पताल के पीछे स्थापित की मां काली की प्रतिमा का विसर्जन हुआ। इस अवसर पर नौ देवियों की चलित झांकी निकाली गईं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। मां काली का चल समारोह अस्पताल के पीछे से निकलकर गांधी चौक, जय स्तंभ चौक, पुराना बस स्टैंड, स्टेशन चौक, विकटगंज से होता हुआ डेम पहुंचा, जहां विधि विधान के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसी तरह अन्य बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन दूसरे दिन गाजे बाजे के साथ किया गया। इसी तरह बिरसिंहपुर पाली, मानपुर, करकेली, नौरोजाबाद में भी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
नम आंखों से मां दुर्गा को दी गई विदाई
जिले के घुनघुटी क्षेत्र में मां दुर्गा पूजा के साथ ही नवरात्र का समापन शुक्रवार को हो गया। घुनघुटी क्षेत्र में जगह-जगह पूजा हवन के बाद मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन किया गया। विसर्जन से पहले महिलाओं ने मां दुर्गा का श्रृंगार कर उनकी विदाई की तैयारी की। नवरात्र के नौ दिन तक मां दुर्गा की विधि विधान से पूजा अर्चना कर विसर्जन किया गया। बकेली और घुनघुटी में माता रानी को नम आंखों से विदा किया गया। घुनघुटी के बालक छात्रवास के पास सार्वजनिक तालाब में मूर्तियों का विसर्जन किया गया। घुनघुटी के जाकिडा़ टोला, पंडान टोला, इंदिरा आवास कॉलोनी, रेलवे स्टेशन, पुलिस चौकी के सामने विराजी मां दुर्गा को शांतिपूर्वक हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरे जवारे के साथ विदाई दी गई।