
Ahmedabad News : 'सोहम' में मिनी भारत की झांकियों ने जमाया आकर्षण
अहमदाबाद. अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन के 11वें सत्र के तीन दिवसीय सत्रांत समारोह 'सोहम-2020' में मिनी भारत की झांकियों ने आकर्षण जमाया।
गुजरात प्रांतीय माहेश्वरी महिला संगठन के तत्त्वावधान में गिर सोमनाथ जिले में प्रभास पाटण स्थित सोमनाथ में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन अति विशिष्ट अतिथि आदित्य बिड़ला ग्रुप की निदेशिका राजश्री बिड़ला थीं। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सत्रांत पत्रिका 'सर्वार्थ' के आवरण पृष्ठ का विमोचन किया।
राष्ट्रीय अध्यक्षा कल्पना गगडानी ने अध्यक्षता करते हुए उज्जैन में संकल्प से लेकर उसकी पूर्णाहुति के दौरान मिले साथ व सहयोग के लिए कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि रामअवतार जाजू, राधेश्याम जाजू, रामरतन भूतड़ा, लता मोहता, विशेष अतिथि संरक्षिका रात्नीदेवी काबरा, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्षा सुशीला काबरा, अतिथि गुजरात प्रांतीय माहेश्वरी संगठन के अध्यक्ष गजानन राठी, सोमनाथ ट्रस्ट के ट्रस्टी जे.डी. परमार थे। अतिथियों ने 11वें सत्र के कार्यों की सराहना की। लता लाहोटी के अभिनंदन पत्र का वाचन सुशीला काबरा ने किया।
छोटा उदेपुर की सदस्याओं ने शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति के साथ महेश वंदना की। अहमदाबाद की सदस्याओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। 11वें सत्र में आयोजित हुए कार्यक्रम की पीपीटी के जरिए प्रस्तुति दी गई। गुजरात की प्रांतीय अध्यक्षा उमा जाजू ने स्वागत विचार, स्वागत अध्यक्ष त्रिभुवन काबरा ने स्वागत भाषण दिया। उद्घाटन सत्र के अंत में राष्ट्रीय महामंत्री आशा माहेश्वरी ने आभार जताया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के प्रारंभ में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई। पिछली बैठक के कार्य विवरण को पारित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्षा कल्पना ने सत्र के कार्यों की जानकारी दी। कोषाध्यक्षा ने आय-व्यय व ट्रस्ट की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सुरभि समिति की ओर से प्रकाशित 'गणगौर गीत' पुस्तक का विमोचन किया गया। गायत्री आगाल ने महेश वंदना प्रस्तुत की।
प्रांतीय संगठन की ओर से राष्ट्रीय पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। 11वें सत्र की प्रदेश अध्यक्षाओं, सचिवों, समितियों की प्रभारियों, संयोजिकाओं को भी सम्मानित किया गया। नए सत्र की नव निर्वाचित अध्यक्षा व सचिव का स्वागत किया गया। 12वें सत्र की पदाधिकारियों की घोषणा कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माहेश्वरी अतिथि भवन से सोमनाथ मंदिर तक बैंड-बाजों की स्वर लहरियों व भजन-कीर्तन के साथ ध्वजा की शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर में पूजन व आरती के बाद शिखर पर ध्वजारोहण किया गया। प्रांतीय टीम की ओर से सोमनाथ मंदिर परिसर में आयोजित लाइट एंड साउंड शो देखकर सभी ने सोमनाथ के महत्व व इतिहास को जाना।
महेश लड्ढ़ा, ओम प्रकाश काबरा, अनिल सोमानी, सुनील गिगल के मुख्य आतिथ्य में रास-गरबा के आयोजन में गुजरात के पारंपरिक परिधान पहनकर महिला-पुरुषों ने लाइव आर्केस्ट्रा के साथ गरबा का आनंद लिया। अहमदाबाद, सूरत, भरूच की सदस्याओं ने रास-गरबा की विशेष प्रस्तुतियां दीं। 11वें सत्र की 11 समितियों के कार्यों का पूरा विवरण पीपीटी प्रस्तुति के जरिए प्रभारियों, संयोजिकाओं ने प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि गोविन्द माहेश्वरी, गजानन राठी, मनोज काबरा थे।
पांच अंचल के प्रदेशों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रहन-सहन, ऐतिहासिक महत्व, परंपरा, संस्कृति, प्रकृति, लोक नृत्य, परिधान, खान-पान, औद्योगिक व कृषि विकास की प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि श्याम सुन्दर राठी, नटवरलाल सारडा, हरीश लखोटिया थे। मस्ती की पाठशाला कार्यक्रम में बॉलिवुड थीम पर आधारित म्युजिकल तंबोला का खेल एलईडी स्क्रीन के जरिए खिलाया गया।
शिवालय-ज्योतिर्लिंग की रचनात्क झांकी बनाओ स्पद्र्धा में 12 ज्योतिर्लिंग बनाने में मध्यांचल-छत्तीसगढ़ प्रदेश, दक्षिणांचल-तमिलनाडु व आंध्र प्रदेश, शिवार्थ गायन प्रतियोगिता में शिव तांडव, रुद्राष्टकम, शिव विवाह, शिव चालीसा आदि सामूहिक गायन प्रस्तुत कर दक्षिणांचल के शिव तांडव, उत्तरांचल के शिव विवाह, समुज्जवला-नृत्य नाटिका में विशिष्ट नारी पात्रों में सीता, द्रौपदी, यशोधरा, मीरा आदि के चरित्र प्रस्तुत कर दक्षिणांचल की यशोधरा, मध्यांचल की द्रौपदी की प्रस्तुति को क्रमश: प्रथम, द्वितीय घोषित किया गया।
सार्थक वाद-विवाद में मुख्य अतिथि मधुदेवी राठी, अनिता जवांधिया थीं। मध्य मध्य प्रदेश की शुभ्रा चंडक, छत्तीसगढ़ की अमिता मून्दड़ा पक्ष में, गुजरात की शीतल समदानी, तमिलनाडु की नीलम सारडा ने विपक्ष में क्रमश: प्रथम, द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतियोगिताओं की विजेताओं को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली सदस्याओं को सम्मानित किया गया। गुजरात की प्रांतीय सचिव उमा काबरा ने अंत में आभार व्यक्त किया।
Published on:
17 Jan 2020 11:32 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
