
उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती युवक, PC- Video grab
उन्नाव में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक से जा रहे दो दोस्तों को रास्ते में रोककर एक युवक ने अचानक देसी कट्टे से गोली चला दी। गोली लगते ही एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, टिगरा गांव निवासी 19 वर्षीय लवकुश यादव अपने एक दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था। जैसे ही वह घर्षिल पुरवा गांव के पास पहुंचा, वहां पहले से खड़े एक युवक ने अचानक देसी कट्टे से फायर कर दिया। गोली लगते ही लवकुश बाइक से गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना डायल 112 के जरिए पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अचलगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सीएचसी अचलगंज पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में बताया कि लवकुश को पेट के नीचे गोली लगी है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली चलाने का आरोप घर्षिल पुरवा गांव निवासी चंदन निषाद (20) पर है। बताया जा रहा है कि लवकुश और चंदन पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और दोनों के बीच दोस्ती भी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग किसी आपसी विवाद के चलते हुई या इसके पीछे कोई और वजह है। मामले की जांच जारी है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
11 Mar 2026 09:59 pm
बड़ी खबरें
View Allउन्नाव
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
