एसओ औरास ने संभावना जताई है कि चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ होगा।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
उन्नाव. लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से बिहार जा रही एक अनिंयत्रित वाल्वो बस के डिवाइडर से टकराने के बाद पलटने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना औरास थाना क्षेत्र में मिर्जापुर अजिगांव के पास शुक्रवार सुबह दिल्ली के आंनद विहार से वॉल्वो बस बिहार जा रही थी। जैसे ही बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में मिर्जापुर अजिगांव के पास पहुंची बेकाबू होकर गहरे गड्ढे में पलट गई। बस में करीब 85 सवारियां बैठी थी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बिहार के मुजफ्फरपुर जिला के थाना पारू के मगरिया आंचल निवासी राहुल (24 वर्ष) पुत्र रामबहादुर कुशवाहा की मौके पर मौत हो गई, जबकि 35 यात्री गंभीर रुप से घायल हो गए।
एसडीएम हसनगंज व एसओ औरास राजबहादुर ने पुलिस व यूपीडाकर्मियों की मदद से बस में फंसे लोगों को सीएचसी भिजवाया। और सीएचसी से 13 लोगों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। बस को क्रेन की मदद से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। एसओ औरास ने संभावना जताई है कि चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ होगा।