12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आगरा में शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, लिवइन में रही युवती ने फांसी लगाकर दी जान, आरोपी सिपाही गिरफ्तार

आगरा में शादी का झांसा देकर शोषण करने के आरोप में एक सिपाही गिरफ्तार हुआ है। शादी से इंकार के बाद फैशन डिजाइनर युवती तनाव में आ गई और बहन के घर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification

आगरा

image

Anurag Animesh

Mar 13, 2026

Agra News

Agra News

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने कथित तौर पर शादी का वादा करके कई साल तक शोषण किए जाने और बाद में रिश्ता तोड़ देने से आहत होकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक युवती पेशे से फैशन डिजाइनर थी। उसके पिता का आरोप है कि कानपुर देहात निवासी सिपाही जे.वी. गौतम पिछले करीब चार साल से उनकी बेटी के संपर्क में था। इस दौरान उसने शादी का भरोसा दिलाकर उससे संबंध बनाए। परिवार को भी इस रिश्ते की जानकारी थी और सभी को उम्मीद थी कि दोनों की शादी हो जाएगी।

Agra News: युवती गहरे तनाव में थी


लेकिन कुछ समय पहले सिपाही ने अचानक शादी करने से साफ मना कर दिया। बताया जा रहा है कि युवती और उसके परिवार ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ा रहा। इसके बाद से युवती गहरे तनाव में रहने लगी। परिवार के लोगों के मुताबिक वह पहले की तरह खुलकर बात नहीं करती थी और अक्सर चुप-चुप रहती थी।बुधवार को वह आगरा के सदर क्षेत्र स्थित सैनिक नगर में रहने वाली अपनी बहन के घर पहुंची थी। रात में उसकी बहन बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो गई, जबकि युवती अलग कमरे में थी। देर रात करीब साढ़े बारह बजे जब बहन किसी काम से कमरे में गई तो वहां का दृश्य देखकर वह सन्न रह गई। युवती पंखे से लटकी हुई थी।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया


बहन ने तुरंत शोर मचाया और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे की तलाशी भी ली गई, लेकिन वहां कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस को शक है कि युवती ने आत्महत्या से पहले किसी से मोबाइल पर बात की होगी, इसलिए उसका मोबाइल फोन जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया गया है।

आरोपी को भेज दिया गया जेल


मृतका के पिता का कहना है कि आरोपी सिपाही के परिवार को भी इस रिश्ते के बारे में सब पता था। लेकिन जब शादी की बात आई तो वे लोग भी युवती को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने लगे। यहां तक कि उसे बेटे से दूर रहने की धमकी भी दी जाती थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवती के पिता की शिकायत के आधार पर सदर थाने में आरोपी सिपाही के खिलाफ शारीरिक शोषण और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीसीपी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं।