
यूपी बोर्ड के परीक्षार्थी
वाराणसी.यूपी बोर्ड परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थियों के शामिल होने की पत्रिका की आशंका अक्षरशः सत्य साबित हो रही है। आलम है कि एक ही केंद्र पर 25 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जा रहे हैं। ताज्जुब तो यह कि इन फर्जी परीक्षार्थियों पर किसी केंद्र व्यवस्थापक की निगाह नहीं पड़ रही। बता दें कि बोर्ड परीक्षा छह फरवरी को शुरू हुई थी और अब तक लगभग आधी परीक्षा हो चुकी है। इस बीच जाने कितने केंद्रों पर कितने फर्जी परीक्षार्थी इम्तहान दे चुके होंगे कहा नहीं जा सकता लेकिन मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक की टीम ने ग्रामीण इलाके के एक केंद्र पर 25 फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ कर उन केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीऱक्षकों को आइना दिखाया दिया है जो पिछले नौ दिन से इन्हें इग्नोर किए जा रहे थे। ये तब है जब जिला विद्यालय निरीक्षक पहले भी चेतावनी दे चुके हैं। वह स्पष्ट कर चुके हैं कि केंद्रों पर सचल दस्ते द्वारा ही परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा जा रहा है, यानी केंद्र पर परिक्षार्थियों की तलाशी तक नहीं ली जा रही है। अब उससे बड़ा मामला सामने आया है कि कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्र भी ठीक से नहीं देख रहे।
बता दें कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही जब प्रवेश पत्रों का वितरण शुरू हुआ और पाया गया कि ज्यादातर छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र पर उनकी फोटो ही नहीं है, अटेंडेंस शीट तक पर फोटो नहीं है तभी पत्रिका ने सबसे पहले यह आशंका जताई थी कि इस बार बडी तादाद में फर्जी परीक्षार्थी इम्तहान में शामिल हो सकते हैं। उन्हें पहचानना भी मुश्किल होगा। हालांकि इस बाबत तब जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ओपी राय ने कहा था कि इस मामले में संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। उनका दायित्व निर्धारित किया जाएगा। वो दंडित होंगे। लेकिन अब जबकि मंगलवार को खंडेश्वरी बाबा इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल गणित की परीक्षा के दौरान 25 फर्जी छात्रों को पकड़ा गया। इन सभी परीक्षार्थियो की उम्र 25-30 वर्ष या उससे अधिक उम्र के थे। इनका आवेदन पत्र हरिशंकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोबरहां से भरा गया था। ये सभी संस्थागत परीक्षार्थी हैं। सभी के प्रवेश पत्र और आधार कार्डम को जब्त कर लिया गया। अब पत्रिका की आशंका पर पूरी तरह से मुहर लग गई।
इस संबंध में जब पत्रिका ने बुधवार को डीआईओएस ओपी राय से बात की तो उनका कहना था कि अभी मंगलवार को ही इन फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया है। बुधवार को अवकाश हो गया। लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि जो भी फर्जी छात्र पकड़े गए हैं उनके विरुद्ध नियम के तहत सख्त कार्रवाई जरूर होगी। गुरुवार को दफ्तर खुलते ही इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षार्थियों को गुरुवार को मूल प्रमाण पत्र के साथ कार्यालय तलब किया है। उन्होंने बताया कि उसी केंद्र पर पहले ही एक अन्य फर्जी छात्र को एक कक्ष निरीक्षक ने संदेह जताया था लेकिन उसने परीक्षा ही छोड़ दी। अब छात्र हों या कक्ष निरीक्षक अथवा केंद्र व्यवस्थापक जिसकी भी संलिप्तता होगी उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग शासन की मंशा के अनुरूप नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए कृतसंकल्पित है।
Published on:
14 Feb 2018, 1:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.