Varanasi News: भगवान श्रीराम के दर्शन को पूरी दुनिया लालायित है और अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के भव्य और दिव्य दर्शन के लिए आतुर है, पर राम भक्तों को अयोध्या के पहले काशी में राम लला के दर्शन मिलेंगे।
Varanasi News: अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भगवान् श्रीराम के दिव्य और भव्य मंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है। यहां मकर संक्रांति - 2024 के बाद राम लला की प्राण प्रतिष्ठा कराई जाएगी, पर काशी में श्रीराम के भक्त आगामी नवरात्रि में ही रामलला के दर्शन कर लेंगे। राम भक्तों के लिए यह मौका लेकर आयी है शिवपुर की श्रीदुर्गा पूजा समिति। शिवपुर मिनी स्टेडियम में इस समय भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है, जिसमें महिषासुरमर्दनी मां दुर्गा संग राम लला के दर्शन भी होंगे। 50 फुट से ऊंचे भव्य मंदिर में मां दुर्गा संग राम लला के दर्शन होंगे।
इस वर्ष काशी में मां संग राम लला होंगे विराजमान
शिवपुर मिनी स्टेडियम में बन रहे राम मंदिर (दुर्गापूजा पंडाल) के संबंध में patrika.com से बात करते हुए समिति के विवेक कुमार जायसवाल ने बताया कि हमारी पूजा समिति का यह 44वां वर्ष है। इस वर्ष हम लोग भक्तो को राम मंदिर में राम लला का दर्शन करेंगे। इसके पहले अक्षरधाम, सोमनाथ मंदिर और संसद भवन सहित कई मंदिरों को यहाँ बनाया जा चुका है।
योग मुद्रा में होगी मां दुर्गा की प्रतिमा
विवेक ने बताया कि मां दुर्गा योग मुद्रा में इस बार कमल के फूल पर विराजमान होंगीं। मां दुर्गा सभी को आशीर्वाद देंगी और इस वर्ष हमारी पूरी प्रतिमा मिट्टी से बन रही है, जिसमें कपड़ा भी मिट्टी से ही उकेरा जा रहा है। राम मंदिर में मां के साथ हम राम लला के दर्शन कराएंगे। पंडाल के मुख्य स्थान के पीछे एलईडी लाइट पर 5 मिनट का शो अयोध्या पर चलाया जाएगा।
3 हजार से अधिक बांस के सहारे राम मंदिर का निर्माण
संगठन मंत्री रोहित केसरी ने बताया कि राम मंदिर 65 फुट ऊंचा और 80 फुट चौड़ा बनाया गया है। इसमें मूर्ती 13 फुट की है और मुकुट के साथ उसकी ऊंचाई 14 फिट से अधिक हो जाएगी। रोहित केसरी ने बताया कि यह बनारस का सबसे बड़ा स्थान है दुर्गापूजा का, यहां चार दिन का मेला भी लगाया जाता हुई जिसमें जापान और चाइनीज झूले भी लगाए जाते हैं। रोहित ने बताया कि यहां सुरक्षा के लिए सीसीटीवी की व्यवस्था की गई है।
दो लाख की भीड़ हर दिन करेगी दर्शन
रोहित ने बताया कि षष्टी को हम अपने यहां विधि विधान से अनुष्ठान और मां की स्थापना करते हैं। सप्तमी से यहां रोजाना शाम से लेकर भोर 4 बजे तक डेढ़ से दो लाख लोग मां का दर्शन करने आते हैं। इसबार राम लला का दर्शन करने और लोगों के आने की उम्मीद है। रोहित ने जिला प्रशासन से सुरक्षा की सुदृण व्यवस्था की मांग की है।