
एक महीने के एकांतवास पर जा रहे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, PC- Patrika
वाराणसी : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जल्द ही एक महीने के एकांतवास पर जाने वाले हैं। इस दौरान वे बद्रीनाथ के बर्फीले पहाड़ों में रहकर साधना करेंगे और पूरी तरह से सार्वजनिक जीवन से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस समय उन्हें आत्मचिंतन और तपस्या की आवश्यकता है, इसलिए वे मोबाइल, टीवी, इंटरव्यू, कथा और दिव्य दरबार जैसे सभी कार्यक्रमों से दूरी बनाएंगे।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने गो, गंगा और सनातन के मुद्दे पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जो भी संत गो माता, गीता और सनातन धर्म की बात करते हैं, वे उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य ने गाय का मुद्दा उठाया है और देशभर में गो माता को लेकर अभियान चल रहा है। एक गोसेवक होने के नाते वे उनका नैतिक समर्थन करते हैं। हालांकि लखनऊ में होने वाली सभा के लिए उन्हें कोई निमंत्रण नहीं मिला है।
शुक्रवार को धीरेंद्र शास्त्री अपनी मां के साथ काशी पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनसे मिलने पहुंचे और उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए। उन्होंने अपने प्रशंसकों से बातचीत करते हुए धर्म, आस्था और सकारात्मक जीवन जीने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा हमेशा उन्हें प्रेरित करती है।
धीरेंद्र शास्त्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वे भरोसेमंद नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ट्रम्प शाम को कुछ और कहते हैं और सुबह कुछ और। टैरिफ वॉर शुरू करना उनकी कार्यशैली को दर्शाता है और इससे दुनिया में अशांति फैलती है। उन्होंने यह भी कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और तनाव का समाधान भी सनातन के रास्ते पर चलकर ही संभव है।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जीवन के जिस मोड़ पर वे खड़े हैं, वहां खुद को साधना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जीवन में कई तरह के प्रलोभन और रास्ते सामने आते हैं, ऐसे में आत्मसंयम और तपस्या ही सही मार्ग दिखाती है।
Published on:
06 Mar 2026 09:01 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
