
Rohaniya police
वाराणसी. सीएम योगी आदित्यनाथ भले ही चुनावी प्रचार में पुलिस विभाग की पीठ थपथपाते रहते हैं लेकिन उन्ही के विभाग के लोग ऐसा काम कर जाते हैं कि सारी व्यवस्था ही सवालों के घेरे में आ जाती है। बनारस के रोहनिया थाने का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो से पुलिस प्रशासन में हड़कप मच गया है। वायरल वीडियो में थानेदार हाफ पैंट व टी शर्ट पहने हुए दिखायी दे रहे हैं एक अनुसूचित जाति की महिला उनसे गुहार लगा रही है जिस पर थानेदार गालियों की बौछार कर महिला को डांटते हुए दिखायी दे रहे हैं। पीडि़त महिला ने इस बात की शिकायत एसएसपी आनंद कुलकर्णी से की तो उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत ही जांच सीओ सदर को सौंप दी है।
रोहनिया थाना क्षेत्र के लठिया गांव की धन्नो देवी का आरोप है कि ११ मई को वह अपनी जमीन पर निर्माण करा रही थी। इसी बीच पड़ोसी ने उस जमीन को अपना बताते हुए 100 डायल में शिकायत कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने धन्नो व उसके पति को थाने ले आयी। धन्नो का आरोप है कि रोहनिया थाना प्रभारी परशुराम त्रिपाठी हॉफ पेंट व नेकर पहने जनसुनवाई कर रहे थे। उनको जब जमीनी विवाद की जानकारी हुई तो महिला व उसके पति को गाली देने लगे। आरोप है कि थानेदार ने महिला सिपाही बुला कर पिटवाने व बंद करने की धमकी। थाना प्रभारी लगातार गाली दे रहे थे। धन्नो का आरोप है कि उसे धक्का भी दिया गया, जिससे वह गिर पड़ी। अस्पताल में जाकर इलाज भी कराना पड़ा। रोहनिया पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस उसके विरोधियों के साथ गांव में जाकर झोपड़ी भी तोड़ दी। पति को धमकाते हुए जबरन लिखित समझौता कराया और लिखवाया कि निर्माण नहीं करायेंगे। धन्नो ने कहा कि जब अस्पताल से निकलने पर इस बात की जानकारी हुई तो फिर से थाने गयी। लेकिन इस बार भी उसे गाली देकर भगा दिया गया। धन्नो व थाना प्रभारी का गाली देता हुआ वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। महिला की शिकायत पर एसएसपी ने मामले की जांच शुरू करवा दी है। रोहनिया थाना प्रभारी परशुराम त्रिपाठी का कहना है कि जमीन विवाद में दोनों पक्षों को थाने लाया गया था। महिला उत्पात करने लगी तो उसे हवालात में बंद करने की चेतावनी दी गयी थी। गाली देने की बात सही नहीं है जांच में सच्चाई सामने आ जायेगी।
गाली दे रहे थे थानेदार, सिपाही ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद
वायरल वीडियो के अनुसार थानेदार लगातार महिला को गाली दे रहे थे इसी बीच एक सिपाही वहां पर वर्दी पहने हुए पहुंचता है और थानेदार का पैर छूकर आशीर्वाद लेता है। थाने में और लोग थे किसी ने सारे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद से ही घटना की जानकारी अन्य लोगों को हो पायी।
Published on:
16 May 2019, 2:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.