
वाराणसी. काशी भगवान शिव की नगरी है जिसकी खूबसूरती गंगा के घाट है। बनारस के लोग तो यहां की खासियत से रूबरू हैं ही लेकिन बाहर से आने वाले लोगों को काशी की ये कुछ बातें जरूर जाननी चाहिए क्योंकि अगर आप बनारस आए और वहां जाकर ये 5 काम नहीं किए तो आप बाद में बहुत पछताने वाले हैं इसलिए अगर बनारस आ रहे हैं तो इन चीजों को करना न भूलें।

गंगा स्नान वाराणसी गंगा के घाटों से जाना जाता है। काशी की संस्कृति का गंगा नदी से अटूट रिश्ता है। ऐसा माना जाता है कि गंगा नदी में डुबकी लगाने से आत्मा पवित्र होती है और सारे पाप धुल जाते हैं। बनारस जाकर गंगा में डुबकी लगाने से इसकी बहुत अच्छा फल मिलता है और यह बनारस के कुछ खास कामों में से एक है इसलिए वहां जाएं और गंगा स्नान जरूर करें।

गंगा आरती बनारस के घाट पर शाम को होने वाली गंगा आरती का नजारा वाकई अद्भुत होता है। शाम को बड़ी संख्या में लोग इस आरती को देखने के लिए इकट्ठा होते हैं. हर रोज करीब 45 मिनट की आरती का ये नजारा एक बार तो आपको जरूर देखने जाना चाहिए।

विश्वनाथ दर्शन बनारस घाटों के साथ-साथ मंदिरों के लिए भी फेमस है। बनारस में अगर प्रमुख मंदिरों में दर्शन करने नहीं गए तो आपकी यात्रा अधूरी रह ही जाएगी। बनारस का सबसे प्रमुख मंदिर है 'काशी विश्वनाथ मंदिर' इसके दर्शन करने दूर-दूर से लोग आते हैं। अगर आप भी बनारस जाने की सोच रहे हैं तो भोलेनाथ के इस मंदिर में दर्शन जरूर करें और एक सबसे खास बात, वह ये कि इसके बाद काल भैरव बाबा के दर्शन जरूर करें. ऐसा कहा जाता है कि काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद अगर काशी के कोतवाल के दर्शन नहीं किए तो पूजा अधूरी रह जाती है।

बनारस का चाट बनारस में अगर आप बनारसी चाट और मिठाईयों का लुत्फ नहीं लिया तो आप यहां की सबसे फेमस चीज छोड़ रहे हैं। चटपटी चाट के लिए जहां काशी चाट भंडार, अस्सी के भौकाल चाट, दीना चाट भंडार और मोंगा आदि काफी लोकप्रिय है, वहीं, ठठेरी बाजार की ताजी और रसभरी मिठाइयों को दुनियाभर में पसंद किया जाता है। अगर आपको दूध, दही और मलाई रास आती है तो बनारस जाकर 'पहलवान की लस्सी' जरूर पिएं क्योंकि ऐसी लस्सी कहीं और नहीं मिलने वाली।

घाट पर घूमना बनारस के घाट तो बनारस की शान हैं जिसका अहसास आपको वहां जाकर ही होगा। आप यकीन नहीं करेंगे लेकिन घाट की सीढ़ियों पर बैठकर गंगा की खूबसूरती को निहारना आपको जितना सुकून देता है वैसा सुकून शायद ही किसी काम में मिलता है। सबसे खास बात ये है कि इस अद्भुत खूबसूरती को देखते कब मिनट घंटे में बदल जाते हैं पता भी नहीं चलता।

वाराणसी के लोकल मार्केट में शॉपिंग अगर आप बनारस जा रहे हैं और वहां जाकर विश्वनाथ गली, गौदोलिया और ठठेरी बाजार से सामान की खरीदारी नहीं की तो आप कुछ मिस कर रहे हैं।