22 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

BHU में गोली चलने के बाद धरने पर बैठे छात्र, प्रोक्टोरियल विभाग ने प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर भी दर्ज कराया मुकदमा, बिरला चौराहा जाम

शनिवार की रात काशी हिंदू विश्वविद्यालय में हुई फायरिंग की घटना के बाद छात्र धरने पर बैठ गए हैं। पीड़ित छात्र ने लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, प्रॉक्टीरियल विभाग ने भी छात्रों के ऊपर मुकदमा दर्ज कराया है...

2 min read
Google source verification

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्र के ऊपर शनिवार की रात फायरिंग किए जाने के बाद बिरला-ए छात्रावास के सामने साथी छात्र धरने पर बैठ गए हैं। इस मामले में पीड़ित छात्र रोशन मिश्रा की तरफ से लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं, प्रोक्टोरियल विभाग ने भी धरना प्रदर्शन करने छात्रों पर मुकदमा दर्ज कराया है।

बाइक सवार तीन लोगों नें की फायरिंग

शनिवार की रात बिरला-ए छात्रावास के बाहर टहलने के दौरान छात्र रोशन मिश्रा पर फायरिंग किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि रोशन पर एक बाइक पर सवार होकर आए 3 लोगों ने चार राउंड फायरिंग की, जिसके बाद कैंपस का माहौल गर्मा गया। मामले में पुलिस ने लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़ित नें तहरीर में क्या बताया

पीड़ित छात्र ने आरोप लगाया है कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से निष्कासित छात्र क्षितिज उपाध्याय व अभिषेक उपाध्याय के इशारे पर उसके ऊपर फायरिंग की गई है। पुलिस को दी तहरीर में रोशन ने बताया है कि वह बीए तृतीय वर्ष का छात्र है और शनिवार की रात वह छात्रावास के गेट पर खाना खाने के बाद टहल रहा था, इस दौरान उसके ऊपर फायरिंग की घटना हुई।

छात्रों नें मांगा चीफ प्रॉक्टर का इस्तीफा

वहीं, घटना के बाद कैंपस का माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद छात्र प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला, लेकिन छात्र वहीं धरने पर बैठ गए। फिलहाल बिरला-ए छात्रावास के सामने छात्र धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि चीफ प्रॉक्टर संदीप पोखरियाल को इस मामले में इस्तीफा देना चाहिए। उनकी जिम्मेदारी छात्रों की सुरक्षा की है, लेकिन वह छात्रों से मिलने तक नहीं आए। छात्रों के इस प्रदर्शन के बाद बिरला चौराहा जाम हो गया है।

प्रोक्टोरियल विभाग ने भी दर्ज कराया मुकदमा

वहीं, दूसरी तरफ प्रोक्टोरियल विभाग ने लंका थाने में छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सुरक्षाकर्मी परमानंद सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि गोली चलने की घटना के बाद जब सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचे तो 35 से 40 के समूह में छात्रों ने इकठ्ठा होकर चीफ प्रॉक्टर के नाम से भद्दी-भद्दी गालियां दीं। इसके साथ ही सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्का मुक्की भी की गई। प्रोक्टोरियल विभाग ने आरोप लगाया है कि इस दौरान छात्रों ने रुईया चौराहे को जाम कर दिया और यातायात अवरुद्ध हो गया।

2019 में छात्र की गोली मारकर हुई थी हत्या

काशी हिंदू विश्वविद्यालय में हुई इस तरह की घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। गौरतलब, है कि 2019 में बिरला छात्रावास चौराहे पर गोली मारकर गौरव सिंह नामक एक छात्र की हत्या कर दी गई थी। बावजूद उसके विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर कोई कड़े उपाय नहीं किए।