
वाराणसी में Safe Tourism की तरफ योगी सरकार का एक और कदम, नए साल में खुलेंगीं तीन नई पर्यटक पुलिस चौकी
वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में हर वर्ष लाखों विदेशी और देशी सैलानी आते हैं। इसमें कुछ दर्शन करने तो कुछ अध्यात्म और शान्ति की तलाश में काशी आते हैं। ऐसे में योगी सरकार वाराणसी में भव्य-नव्य-दिव्य श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के बनने के बाद बढ़ी सैलानियों की संख्या को देखते हुए काशी में तीन नई टूरिस्ट पुलिस चौकी खोलने की दिशा में काम कर रही है। जल्द ही ये चौकियां काशी के नमो घाट, अस्सी घाट और हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित स्वर्वेद मंदिर पर टूरिस्ट पुलिस चौकी खोली जाएगी। इन तीनों ही स्थानों पर नव वर्ष पर इतनी भीड़ थी की लोगों को पैर रखने की जगह भी नहीं मिल रही थी। ऐसे में घाटों के दोनों छोर और स्वर्वेद मंदिर में आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित करने और उन्हें सुरक्षा का माहौल देने के लिए यह खाका खींचा गया है।
हर वर्ष आ रहे करोड़ों श्रद्धालु
इस संबंध में पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन ने बताया कि धर्म की नगरी काशी में साल 2021, 13 दिसंबर के बाद पर्यटन में एक बूम आया है। साल 2022 और साल 2023 में यहां करोड़ों श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे और गंगा घाटों का रुख किया। गंगा में नौका विहार, गंगा स्नान, पूजा अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं और हर वर्ष आ रहे लाखों विदेशी सैलानियों की भी घूमने की पहली जगह काशी के घाट हैं। ऐसे में इन घाटों पर उन्हे सुरक्षित माहौल देने के लिए काशी के नयनभिराम नमो घाट और अस्सी घाट पर हम नई पर्यटन पुलिस चौकी बनाने जा रहे हैं।
गंगा घाटों के दोनों छोर पर खुलेगी चौकी
नव्य व दिव्य श्री काशी विश्वनाथ धाम के उद्घाटन के बाद और विकास के मॉडल नई काशी को देखने के लिए वाराणसी में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। काशी आने वाला पर्यटक बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने के साथ ही घाटों का रुख जरूर करते हैं। सैलानी गंगा में आस्था की डुबकी, सुबह-ए-बनारस, गंगा आरती और नौका विहार का आनंद लेते हैं। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मुथा अशोक जैन ने बताया कि गंगा के घाटों के दोनों छोर, नमो घाट और अस्सी घाट पर सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्यटक पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी।
स्वर्वेद मंदिर में भी सुरक्षा के इंतजाम
दुनिया के सबसे बड़े मेडिटेशन सेंटर स्वर्वेद मंदिर प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटित होने के बाद यहां भक्तों और सैलानियों की संख्या बढ़ती जा रही है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि वाराणसी-गाज़ीपुर रोड पर स्थित स्वर्वेद मंदिर में पर्यटकों और भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां भी पर्यटक पुलिस चौकी खोली जाएगी। उन्होंने बताया कि तीनो पर्यटक पुलिस चौकी में पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहगी।
Published on:
03 Jan 2024 10:26 am
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
