
व्यापारी ने दाल मंडी में खुद की दुकान को लगाई आग, PC- X
वाराणसी : शहर की ऐतिहासिक दाल मंडी में सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रही प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला। जर्जर घोषित मकानों और दुकानों पर बुलडोजर चलने से आक्रोशित एक व्यापारी ने अपनी दुकान में आग लगा दी और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की धमकी देने लगा। इस घटना से मौके पर मौजूद अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।
प्रशासन द्वारा दाल मंडी में जर्जर घोषित 21 मकानों और दुकानों में से 18 को बुलडोजर और हथौड़ों की मदद से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई शुरू होने से पहले एक व्यापारी अपनी दुकान के पहले तल पर खड़ा होकर आत्महत्या की धमकी देने लगा। उसने आरोप लगाया कि उसका मकान जर्जर नहीं है और प्रशासन जानबूझकर मुआवजा देने से बचने के लिए उसे जर्जर घोषित कर रहा है।
गुस्से में व्यापारी ने कहा, 'अगर मकान गिराया जाएगा तो हमें मुआवजा चाहिए। प्रशासन हमें बेवकूफ नहीं बना सकता।' इसके बाद उसने दुकान में आग लगा दी। पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान अन्य दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी बुलडोजर कार्रवाई का विरोध किया। लोग प्रशासन से 10 दिन की मोहलत की मांग करते रहे। कई व्यापारी और उनके परिवारजन रोते-बिलखते दिखाई दिए। दुकानदारों ने अधिकारियों से भावुक होकर सवाल किया, 'हमारा गुनाह क्या है? क्या सड़क चौड़ी करने के नाम पर हमें बर्बाद कर दिया जाएगा? हमारी रोजी-रोटी छीन ली गई है।'
दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें बिना पर्याप्त सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़ा जा रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि संबंधित मकान मालिकों को पहले ही नोटिस दिया जा चुका था।
हंगामे के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 8 लोगों को हिरासत में लिया। मौके पर चार थानों की फोर्स सहित करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात रहे, जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी की गई और दाल मंडी के अंदर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान ने बताया कि दाल मंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए जर्जर और असुरक्षित मकानों का ध्वस्तीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'ये सभी मकान 100 साल से अधिक पुराने और जर्जर हैं। लोगों की जान को खतरा बना हुआ था। सुरक्षा को देखते हुए कार्रवाई की जा रही है।'
गौरतलब है कि इससे पहले 21 जनवरी को भी दाल मंडी में एक साथ 8 मकानों को गिराया गया था। नगर निगम ने 31 जनवरी को कुल 23 मकान मालिकों को नोटिस जारी किया था। दाल मंडी में यह एक दिन में की गई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
Updated on:
09 Feb 2026 05:58 pm
Published on:
09 Feb 2026 05:58 pm
