5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी बोर्ड परीक्षा 2022: बनारस के एक परीक्षा केंद्र से मिले निरस्त पेपर के बंडल में सुराख देख अफसरों की सांसें अटकीं

यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 में अभी बलिया का मामला चल ही रहा है कि बनारस के एक परीक्षा केंद्र से मिले इंटर अंग्रेजी के निरस्त पेपर के बंडल में सुराख देख अधिकारियों की सांसें अटक गईं। स्थानीय शिक्षा अधिकारियों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के आला अफसरों को दीं। मामले की छानबीन की गई। काफी देर तक चली जांच के बाद ये तय पाया गया कि कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है।

2 min read
Google source verification
यूपी बोर्ड परीक्षा 2022

यूपी बोर्ड परीक्षा 2022

वाराणसी. यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 में अभी बलिया में पेपर लीक का मामला चल ही रहा है। एक पेपर निरस्त किया जा चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर एसटीएफ व स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब तक बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक समेत 24 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस बीच निरस्त पेपर के सील बंद लिफाफे परीक्षा केंद्रों से वापस मंगा लिए गए। निरस्त परीक्षा के पेपर के बंडलों की वापसी के दौरान पता चला कि ग्रामीण अंचल के एक परीक्षा केंद्र से लौटाए गए पेपर के बंडल में सुराख है। पेपर के बंडल में सुराख देख शिक्षा अधिकारियों के हांथ-पांव फूल गए। फौरन इसकी सूचना जिला व पुलिस प्रशासन को दी गई। साथ ही घटना से उच्च शिक्षाधिकारियों को अवगत कराया गया। समूचा शिक्षा विभाग मामले की जांच में जुट गया।

निरस्त पेपर के बंडल में सुराख की जानकारी होते संकलन केंद्र पहुंचे अधिकारी

निरस्त पेपर के बंडल में सुराख की जानकारी होते संकलन केंद्र पहुंचे शिक्षा व प्रशासनिक अधिकारी। संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रदीप कुमार सिंह व जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद राय अमले के साथ तत्काल आराजीलाइन ब्लॉक के बढैनी स्थित उस परीक्षा केंद्र पर गए। काफी देर तक वहां जांच-पड़ताल की। केंद्र व्यवस्थापक व स्टैटिक मजिस्ट्रेट और कक्ष निरीक्षकों से बातचीत की। घंटों की पड़ताल के बाद उन्होंने किसी गड़बड़ी से इंकार किया।

बुधवार को ही निरस्त पेपर के बंडलों को जमा करना था

बता दें कि इंटरमीडिएट अंग्रेजी का पेपर बुधवार को दूसरी पाली में दो बजे से था और विभाग स्तर से एक बजे ही पेपर आउट होने की सूचना पर परीक्षा निरस्त कर दी गई थी और इससे संबंधित सूचना सभी केंद्राध्यक्षों को 1.25 बजे तक दे दी गई थी। ये भी कहा गया था कि सभी केंद्राध्यक्ष शाम तक निरस्त पेपर के सीलबंद लिफाफे शाम तक संकलन केंद्र राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में जमा कर देंगे। लेकिन दूर वाले केंद्रों से पेपर के बंडल नहीं पहुंच पाए थे। गुरवार को इन दूरस्थ केंद्रों से निरस्त पेपर के बंडल आए तो बढ़ैनी केंद्र से मिले पेपर के सीलबंद लिफाफे के एक कोने में सुराख मिला जिसे देख हड़कंप मच गया।

प्रशासन व पुलिस के आला अफसरों ने संकलन केंद्र का किया मुआयना
निरस्त पेपर के बंडल में सुराख की जानकारी होते ही अपर जिलाधिकारी (नगर) और डीसीपी वरुणा राजकीय क्वींस कॉलेज स्थित संकलन केंद्र पहुंचे और गहन निरीक्षण किया।

बोले डीआईओएस, गड़बड़ी की आशंका नहीं

बढैनी स्थित परीक्षा केंद्र की जांच के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार राय ने बताया कि केंद्र शहर से काफी दूर है। ऐेसे में वहां सुरक्षा की दृष्टि से वहां 24 घंटे के लिए पुलिस फोर्स तैनात की गई है। केंद्र पर किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका नहीं है। परीक्षा केंद्र से लौटाए गए निरस्त पेपर के सीलबंद बंडल में एक किनारे सुराख था। लेकिन उस सील बंद लिफाफे के अंदर रखे पेपर की बाइंडिंग तोड़ कर निकालना संभव नहीं है। घटनाक्रम से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।