
Varanasi Crime News: वाराणसी में सोमवार को जम्मू–तवी एक्सप्रेस ट्रेन में एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मुगलसराय और वाराणसी रेलवे स्टेशन के बीच हुई। बदमाश घटना के बाद फरार हो गए। रेलवे पुलिस ने बताया कि मृतक बिहार का रहने वाला था और वह अपने रिश्तेदारों के साथ सीतापुर जा रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मारे गए यात्री का नाम दिनेश शाह (42) है। वह बिहार के गया जिले के पिपरिया क्षेत्र के बारचकी गांव के निवासी थे। दिनेश शाह अपनी बहन, दो बच्चों और बहन की सास के साथ कोलकाता–जम्मू तवी एक्सप्रेस में सवार थे। दिनेश शाह ट्रेन के एस-2 कोच में बैठे थे, जबकि उनकी बहन और अन्य रिश्तेदार जनरल कंपार्टमेंट में यात्रा कर रहे थे।
रविवार की रात लगभग 2 बजे ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से गुज़री। ब्लॉक हट-बी से पहले बाथरूम के पास दिनेश शाह को किसी ने गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य यात्री मौके पर पहुंचे और उन्होंने देखा कि दिनेश शाह खून से लथपथ पड़े हैं। तुरंत यात्रियों ने रनिंग स्टाफ को सूचना दी। ट्रेन सुबह 2.42 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह ट्रेन में हत्या की दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार को गाजीपुर के रहने वाले एक युवक की पैसेंजर ट्रेन में हत्या कर दी गई थी। मृतक मंगरू 26 अप्रैल को कर्नाटक गए थे और 8 मई को घर लौटने के लिए ट्रेन में सवार थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के पास बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल लगाकर गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी बैग लेकर सकलडीहा रेलवे स्टेशन से पहले ट्रेन से उतरकर फरार हो गए।
दो दिन में लगातार ट्रेन में हुई हत्या ने यात्रियों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। रेलवे पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इन लगातार घटनाओं से यात्रियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है। लोग रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए तुरंत कड़े कदम उठाने की मांग की जा रही है। रेलवे पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग टीमों का गठन किया है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का दावा किया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Updated on:
11 May 2026 10:23 am
Published on:
11 May 2026 09:31 am
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
