आगरा। धर्म, आस्था के नाम पर महिलाओं का शोषण करने के मामले में चर्चा में आए कथित बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित ने आगरा में भी आध्यात्मिक विश्वविद्यालय खोल रखा है। दिल्ली में पड़े छापे के बाद उसकी इमारत से कई महिलाएं बरामद की गई थीं। लेकिन, आगरा के शमसाबाद में अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पत्रिका ने पड़ताल की और आध्यात्मिक विश्वविद्यालय का रहस्य खुला। सीबीआई ने जिस बाबा की कुंडली के लिए सूची मांगी है, उस वीरेंद्र देव दीक्षित के आश्रम में पुलिस आज भी नहीं पहुंच सकी है।
आश्रम में आती हैं महिलाएं
कथित बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित के आश्रमों में महिलाओं के साथ शोषण और उनका इस्तेमाल की खबरें आईं थी। इसके बाद वीरेंद्र देव दीक्षित के आश्रमों की लिस्ट तैयार की गई। दिल्ली में बनी इमारत से कई महिलाएं और लड़कियां बरामद हुई। वहीं आगरा में भी कथित बाबा की काली कमाई से बना आध्यात्मिक विश्वविद्यालय का रहस्य खुला है। आगरा में थाना शमसाबाद रोड स्थित कहरई पर वीरेंद्र देव दीक्षित का आध्यात्मिक विश्वविद्यालय है। सूत्र बताते हैं कि यहां आज भी कई महिलाएं मौजूद हैं। रविवार को यहां कथित बाबा टीवी के माध्यम से महिलाओं को प्रवचन देता है। गांव वालों को इस सबसे दूर रखा गया है। वीरेंद्र देव दीक्षित का ये आश्रम चार मंजिला बना हुआ है और किले जैसा है। कोई बिना अनुमति के प्रवेश नहीं कर सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां सफेद साड़ियों में महिलाएं आती है। यहां का केयर टेकर बरौली ब्लॉक एक सरकारी कर्मचारी बताया गया है।