हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक और जम्मू -कश्मीर विधानसभा चुनाव में अच्छे प्रदर्शन पर मंगलवार को गुजरात की राजधानी गांधीनगर स्थित भाजपा मुख्यालय कमलम् में जश्न मनाया गया। हरियाणा में मिली जीत पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह केन्द्रीय मंत्री सी आर पाटिल गांधीनगर भाजपा मुख्यालय कमलम् में जलेबी बनाते हुए नजर आए। यहां गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी, पार्टी के प्रदेश महामंत्री रजनी पटेल व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इन सभी के साथ कार्यकर्ताओं ने जलेबियों का स्वाद चखा।
यहां पाटिल ने कहा कि इन दोनों राज्यों के चुनाव पुरिणामों से स्पष्ट है कि जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर अटूट विश्वास है। भाजपा हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। भाजपा सरकार ने जो विकास कार्य किए उनके कारण जनता ने भाजपा को फिर से सत्ता सौंपी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान लगातार नकारात्मक प्रचार किया। इसके बावजूद लोगों ने पीएम मोदी के प्रति अपना विश्वास जताया है। हरियाणा में लोकतंत्र की जीत हुई है। जनता ने कांग्रेस के झूठ को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि जम्मू- कश्मीर में भी पार्टी को अच्छे परिणाम मिले हैं।