अजमेर. चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के असर से रविवार को शहर में मूसलाधार बरसात हुई। शहर की बाहरी कॉलोनियों, मैदानों और निचले इलाकों में गलियों और घरों में चार से पांच फीट पानी भर गया। जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के अस्थि रोग विभाग के वार्ड में पानी भर गया। आनासागर झील के चैनल गेट से पानी छलक पड़ा। कई जगह पेड़ गिर गए। बिजली गुल हो गई। शहर में रात्रि 8 बजे तक 107.7 मिलीमीटर (4 इंच) बारिश दर्ज हुई।
वैशाली नगर, सागर विहार, पंचशील, शास्त्री नगर, गुलाबबाड़ी, नाका मदार, आदर्श नगर नसीराबाद रोड, ब्यावर रोड, नाका मदार, चंदवरदायी नगर, रामगंज, अजय नगर, तारागढ़, फाॅयसागर व आस-पास के इलाकों में झमाझम बरसात हुई।
सड़कें-चौराहे बने तरणताल
सावित्री चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, मेयो लिंक रोड, राजा साईकिल, अलवर गेट, वैशाली नगर में एमपीएस स्कूल के सामने, शास्त्री नगर, अलखनंदा कॉलोनी, पंचशील, केसरगंज, मदन गोपाल मार्ग, रामगंज, सम्राट अशोक उद्यान-जयपुर रोड और क्षेत्रों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। रेलवे ट्रेक पर पानी भर गया। बाबूगढ़ और ऋषि घाटी से उफनते पानी से गंज सर्किल अैार सुभाष उद्यान के सामने तालाब बन गया। यही हाल सावित्री कॉलेज, वैशाली नगर, पंचशील, जेएलएन मेडिकल कॉलेज, सिविल लाइंस, टोडरमल मार्ग, बजरंगगढ़ चौराहा पर हुआ।
पहाड़ों से उफना पानी
जयपुर रोड पर कांकरदा भूणाबाय, बंद्या गांव, घूघरा घाटी क्षेत्र में सड़कों पर पानी भर गया। तारागढ़ पहाड़ी क्षेत्र से उफनते पानी से दरगाह बाजार-नला बाजार नहर बन गया। आनासागर गौरव पथ और चौपाटी पानी से एक हो गए। सुभाष उद्यान के सामने, माकड़वाली रोड, जेएलएन अस्पताल रोड, मार्टिंडल ब्रिज की तीसरी भुजा, क्लाक टॉवर से गांधी भवन-स्टेशन रोड पर भी पानी भर गया।
रिहायशी इलाकों में भरा पानी
अंधेरी पुलिया और तोपदड़ा पुलिया में भी पानी का बहाव तेज रहा। नगरा, बिहारी गंज, शृंगार चंवरी, गुर्जर धरती, गढ़ी मालियान 9 नंबर पेट्रोल पंप इलाके में 4-5 फीट पानी भर गया। आदर्श नगर इलाके में यही हाल दिखा। श्रीनगर रोड, प्रकाश रोड नगरा, सुनहरी कॉलोनी, गढ़ी मालियान, वैशाली नगर सेक्टर-3, सागर विहार कॉलोनी में गलियों सहित कई इलाकों में सीवरेज ओवरफ्लो हो गए।
उफन पड़े नाले और नालियां
घरों और पहाड़ी इलाकों से बहता पानी नालों के सहारे आनासागर झील में पहुंचा। इसकी कुल भराव क्षमता 13 फीट है। काजी का नाला, आंतेड़ का नाला, वैशाली नगर, जवाहर नगर, औंकार नगर, तोपदड़ा नाला, एस्केप चैनल और अन्य क्षेत्रों के नाले में पानी का बहाव तेज बहा।
बहे झरने, मौसम में ठंडक
नाग पहाड़, वैशाली नगर, पंचशील, शास्त्री नगर, आंतेड़ बस्ती, अजयपाल बाबा मंदिर,दरगाह बाजार इलाके में पहाडिय़ों से झरने बह निकले। लगातार बरसात से मौसम में ठंडक हो गई। कूलर-एसी, पंखे बंद करने पड़े।
एक दिन में कब-कब ज्यादा बरसात