
अजमेर
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा के समापन पर राजस्थान में आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसंबोधन किया। पीएम मोदी ने अजमेर में ‘विजय संकल्प सभा’ में जनसंवाद किया और सरकार के कार्यों को जनता के बीच रखा। साथ ही प्रदेश में वसुंधरा सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा। इस दौरान पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की राजनीति एक परिवार की आरती करने से चल जाती है जबकि हमारा हाईकमान जनता है।
मोदी ने अजमेर में जन संबोधन करते हुए कहा कि बीजेपी अपने पांच साल का हिसाब देने में कभी पीछे नहीं हटी है, बीजेपी ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर काम करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को करीब एक बजे अजमेर पहुंचे। मोदी यहां अजमेर के कायड़ विश्राम स्थल में भारतीय वायु सेना के हैलीकॉप्टर से आए। कायड़ में मोदी का सीएम वसुंधरा राजे ने स्वागत किया। इस दौरान राजे के साथ प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी भी साथ रहे। इसके बाद मोदी सभा स्थल पहुंचे और मंच पर ओम माथुर ने मोदी को राजस्थानी साफा पहना पीएम का स्वागत किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी संकल्प सभा में बड़ी घोषणाएं की। सीएम ने गांव के किसानों को मुफ्त बिजली देने के साथ, किसानों की आय को दुगुना किए जाने की घोषणा की। साथ ही राजे ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘चैम्पियन ऑफ द अर्थ’ अवार्ड मिलने पर बधाई भी दी।