No video available
ajmer news : रक्षा बंधन पर सोमवार को महिलाओें के लिए नि:शुल्क यात्रा के चलते रविवार मध्यरात्रि से ही बस स्टैंड पर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। यात्रीभार के अनुरूप कुछ अतिरिक्त बसें भी तैयार रखी गई हैं।
उषा आर. नारायण, मुख्य प्रबंधक केन्द्रीय बस स्टैंड अजमेर का कहना है रक्षा बंधन पर जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। रविवार शाम से ही विशेष इंतजाम कर लिए गए हैं। इससे पूर्व रविवार को दिन भर बस स्टैंड पर भरी भीड़ रही। विशेषकर महिलाएं ज्यादा संख्या में थीं।
बाजारों में रही भीड़
रक्षाबंधन से पूर्व रविवार को नया बाजार, पुरानी मंडी, मदार गेट, कवंडसपुरा, वैशाली नगर, नगरा, रामगंज, केसरगंज, श्रीनगर रोड, धौलाभाटा, नाका मदार, आदर्श नगर, फायसागर रोड और अन्य स्थानों पर भीड़ रही। सर्वार्थ सिद्धि योग में बहनें अपने भाइयों-रिश्तेदारों के लिए रंगबिरंगी और आधुनिक राखियां, उपहार खरीदती नजर आई। बच्चाें के लिए भी रंग-बिरंगी लाइट, कार्टून कैरेक्टर, श्रीकृष्ण, गणेशजी सहित अन्य राखियां बाजार में पहुंची हैं।
मिठाइयों की महक
रक्षाबंधन के लिए गुलाब जामुन, बर्फी, काजूरोल, मक्खन बड़े, आम का कलाकंद, घेवर, बेसन की चक्की की बिक्री हुई। मिठाइयों के दाम 500 से 1 हजार रुपए किलो तक पहुंच गए। इसके अलावा श्रीफल, नए परिधान, गिफ्ट की खरीदारी हुई। सोमवार को भी सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा। इस योग में राखियों के अलावा भूमि, भवन, वाहन, नए परिधान, आभूषण भी खरीदे जा सकते हैं।