No video available
Weather Update : भादो की घनघोर घटाएं गुरुवार दोपहर को अजमेर में झमाझम बरसीं। सड़कों पर तेज रफ्तार से पानी उफन पड़ा। इससे जनजीवन पर असर पड़ा। बरसात का दौर शाम तक रुक-रुक कर बरसात का दौर चला। अधिकतम तापमान 30.0 और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 19.7 मिलीमीटर बरसात दर्ज की।दोपहर करीब 1.30 बजे घनघोर घटाओं ने बरसना शुरू कर दिया। स्टेशन रोड, मदार गेट, केसरगंज, रामगंज, वैशाली नगर, प्रकाश, रोड, नगरा, पंचशील, शास्त्री नगर, आनासागर लिंक रोड, बजरंगढ़, पुष्कर रोड, कचहरी रोड, गुलाबबाड़ी, नाका मदार, आदर्श नगर, नसीराबाद रोड, फायसागर और आसपास के इलाकों में तेज बरसात ने भिगोया।
यहां भरा पानी
बरसात से मार्टिंडल ब्रिज की तीसरी भुजा के नीचे पानी भर गया। मदार गेट से उफनते पानी से स्टेशन रोड पर तरणताल बन गया। यही हाल सावित्री चौराहा पर हुए। ऋषि घाटी, बाबूगढ़ से उफनता पानी गंज सर्कल के आसपास भर गया। तारागढ़ पहाड़ी क्षेत्र से भी जबरदस्त पानी उफना। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, सिविल लाइंस, टोडरमल मार्ग, बजरंगगढ़ चौराहा पर भी पानी का तेज बहाव नजर आया। चौपहिया और तिपहिया वाहनों को रुकना पड़ा।
नाले-नालियों में उफान
बरसात से शहर के कई निचले और अंदरूनी इलाकों में नाले और नालियों में पानी उफन पड़ा। आनासागर झील में पानी की आवक बढ़ गई। काजी का नाला, आंतेड़ का नाला, वैशाली नगर, जवाहर नगर और अन्य इलाकों में पानी का बहाव तेज रहा। लगातार बरसात से राहगीरों, वाहन चालकों को रुकना पड़ा।
सड़कों-गड्ढों में पानी
पुष्कर रोड, सहित कई इलाकों में सड़कों के किनारे पानी हिलोरें मारता रहा। जयपुर रोड पर भूणाबाय के आसपास सड़क पर गहरे गड्ढों में पानी भरा रहा। शाम तक कभी तेज बौछारों तो कभी फुहारों का दौर जारी रहा।
औसत से 194 मिमी ज्यादा
शहर की औसत बारिश 550 मिलीमीटर मानी जाती है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में अब तक 744.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यह औसत बरसात से 194.9 मिलीमीटर बारिश ज्यादा है। उधर सिंचाई विभाग के अनुसार जिले में करीब 495 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है।