अजमेर. तारागढ़ स्थित हजरत मीरा सैयद हुसैन खिंगसवार की दरगाह के सालाना उर्स के मौके पर रविवार को बुलंद दरवाजे पर झंडा चढ़ाया गया। इस दौरान कलंदरों ने हैरत अंगेज कारनामे दिखाए। अकीदतमंद में झंडे को चूमने की होड़ रही। शाम को झंड़े का पारम्परिक जुलूस पीर सैयद शाकिर हुसैन के कप्तान हाउस से कव्वालियों के साथ रवाना हुआ। जुलूस हताई चौक होते हुए मीरा साहब की दरगाह पहुंचा। यहां बुलंद दरवाजे पर झंडा पेश किया गया। इस दौरान नौबतखाने में शादियाने बजाए गए। शाही कव्वाल कुरबान एंड पार्टी ने सूफियाना कलाम पेश किए। इसके साथ ही उर्स का विधिवत आगाज हो गया। जुलूस में पूर्व अध्यक्ष सैयद जलाल हुसैन, पंचायत खुद्दाम सैयद जादगान के अध्यक्ष सैयद सज्जाद हुसैन, सैयद इजहार हुसैन, इमामे जमाना वेलफेयर ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष सैयद रब नवाज जाफरी सहित अकीदतमंद मौजूद रहे।
जुलूस के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलंदर और मलंग भी साथ चले। उन्होंने नुकीली कीलों को गाल और जीभ के आर-पार निकालने, जीभ पर तलवार चलाने, आंखों के हीरों को चाकू की नोक से बाहर निकालने, शरीर पर कोड़े बरसाने जैसे करतब दिखाए। अकीदतमंद ने कलंदरों को रुपए भी दिए।
अग्रवाल परिवार ने तैयार किया झंडा
घसेटी बाजार स्थित मनमोहन, अक्षित अग्रवाल परिवार ने तारागढ़ हजरत मीरा सैयद हुसैन खिंगसवार के उर्स का झंडा तैयार किया। हरे-लाल मखमली कपड़े पर जरी का काम किया गया।
यूं चलेंगे आगे के कार्यक्रम
– 15 रजब को सुबह 4 बजे मजार शरीफ पर दरगाह कमेटी के तत्वावधान में गिलाफ पेश किया जाएगा। सुबह 5 बजे मजार शरीफ पर दरगाह कमेटी और खादिम गुस्ल देंगे। गुस्ल के बाद मजार शरीफ पर सवामन मेहंदी और कलावा बांधा जाएगा।
– 16 रजब को रात्रि 11.30 बजे दरगाह कमेटी के सदर मोहसिन अली सुल्तानी की सदारत में महफिल होगी। 17 रजब को शाम 5 बजे दरगाह कमेटी की ओर से खादिमों के हक-हकूक से जुड़ी फातेहा की रस्म होगी। शाम को लंगर तकसीम करने के अलावा रात्रि को महफिल होगी।
– 18 रजब को हथाई चौक से पंचायत खुद्दाम सैयद जादगान की तरफ से गिलाफ का जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान शाही कव्वाल कलाम पेश करेंगे। साथ ही कुल की रस्म होगी। परम्परानुसार मजार शरीफ पर बांधा गया सवा मन कलावा और मेहन्दी को लूटा जाएगा।