अलवर शहर में इन दिनों जिला प्रशासन की ओर से बड़े जोर-शोर से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। आम जनता को स्वच्छता का महत्व समझाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और प्रशासन की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि शहर को कचरा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
स्वच्छता पखवाड़े के तहत अलवर शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर नहीं लगे इस की मॉनिटरिंग प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं। रोज शहर के वार्डो में जाकर मौका देख रहे हैं। लेकिन उनके खुद के कार्यालय, मिनी सचिवालय परिसर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग रहे हैं। इस और किसी का ध्यान नहीं है।
ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन की स्वच्छता को लेकर प्रतिबद्धता पर सवाल उठना लाज़मी है। यदि प्रशासन अपने स्तर पर साफ-सफाई को लेकर गंभीर नहीं होगा, तो आम जनता को स्वच्छता का संदेश देना केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगा।