कठूमर. क्षमावाणी पर्व पर आर्यिका विजितमति माताजी के सानिध्य में निकाली गईं वार्षिक रथयात्रा के दौरान ऐ जी कुंडलपुर के बीच अकेलों खेले महावीरा, महावीरा झूले पालना नैक होले झोटा दीजो… आदि मधुर भजनों कस्बा महावीर मय हो गया। श्रीजी की रथयात्रा कस्बे में होकर निकाली गई, जिसका जगह-जगह स्वागत किया गया। आठ लाख की लागत से निर्मित नवीन रथ पर निकाली गई शोभायात्रा को देखने कस्बेवासी उमड़ पड़े। इस दौरान जैन समाज के प्रतिष्ठान बंद रहे। सरकारी कार्मिकों ने भी अवकाश लिया। समारोह में भरतपुर, नगर, मुरैना, लक्ष्मणगढ़, कोट, मंडावर, बडौदामेव, कामा, जयपुर, जनूथर, सौखरी, आगरा, अलवर, वैर, बयाना सहित अनेक स्थानों के श्रदालुओं ने हिस्सा लिया।
शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकियां शामिल रही। महिला मंडल की ओर से शोभायात्रा में गरबा नृत्य व घोड़ियों के नाच ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रथ यात्रा जनुथरिया मोहल्ला, सोती मोहल्ला, मुख्य बाजार, अहिंसा सर्किल, अम्बेडकर पार्क होते हुए पारसनाथ जैन मंदिर पहुंची, जहां भगवान का अभिषेक किया गया। जैन समाज के अध्यक्ष मुकेश सौंख व मंत्री नरेश बैनाडा ने बताया कि समारोह की शुरुआत एक मैरिज होम में मंदिर निर्माण व अन्य कार्यों में योगदान देने वाले श्रावकों को सम्मानित करने के साथ हुई। इस मौके पर जैन समाज कठूमर को दो मंजिला रथ प्रदाता भरतपुर निवासी हेमेंद्र कुमार जैन व उनके परिवार, पारसनाथ जैन मंदिर में करीब सत्ताईस लाख रुपए की लागत से विकास कार्य कराने वाले स्वरूप चंद, नरेश कुमार जैन बोहरा सहित विभिन्न स्थानों के दो दर्जन से अधिक भामाशाह का माला पहनाकर व शाॅल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। समारोह में भामाशाह हेमेंद्र जैन ने जैन समाज के प्रत्येक परिवार काे उपहार देकर सम्मान भी किया। उत्कृष्ट कार्य करने पर कठूमर के युवा मंडल, बालिका मंडल, महिला मंडल का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी संजय शर्मा का भी जुलूस में उत्कृष्ट पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन कैलाश जैन, अशोक जैन व वैश्य समाज के युवा अध्यक्ष लोकेश जैन ने किया।
इनको मिला बोलियों का पुण्य लाभ
श्रीजी के रथ में खबास की बोली अमोलक चंद महावीर कासलीवाल, सारथी की नरेश कुमार रोहित कुमार बोहरा, दाएं इन्द्र की बोली अनिल कुमार प्रदीप बैनाडा, बाएं इन्द्र की बोली विमल कुमार राहुल कुमार कासलीवाल, भगवान महावीर के माता-पिता की बोली नरेश बैनाडा व उनकी पत्नी मिन्नी, श्रीजी की माला लोकेश कुमार सानिध्य कुमार बैनाडा के नाम रही। संत निवास व धर्मशाला निर्माण के लिए विजयपाल शीतल जैन, मुकेश कुमार कपिल कुमार सौंख, कैलाशचंद अभय कुमार, पारसमल विमल कुमार जैन, अहिंसा सर्किल के अपग्रेड कार्य के लिए सुरेश चंद जिन्नू जैन सौंख व अशोक पंसारी डब्बू जैन तथा महिला मंडल, मंगल कलश की बोली शिप्रा पत्नी शीतल जैन का भी सम्मान प्रबंध कार्यकारिणी कमेटी की ओर से किया गया। जैन समाज अध्यक्ष मुकेश सौंख ने शोभायात्रा में व्यवस्था के लिए पुलिस व प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन, जलदाय विभाग व विद्युत निगम आदि सहित अन्य सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।