5 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अंबिकापुर

Video story; १० किमी पैदल चल कलेक्टर से मिलने पहुंचे समस्याओं से परेशान विद्यार्थी

एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय के हायर एवं हायर सेकेंडरी के छात्र-छात्राएं गुरुवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर के विद्यालय से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर कलेक्टर से मिलने पहुंच गए। दरअसल भेलवाडीह एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थी लंबे समय से कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन्हीं दिक्कतों को लेकर वे विद्यालय के पास ही निवासरत सहायक आयुक्त से मिलने के लिए गुरुवार की सुबह ६ बजे पहुंचे।

Google source verification

अंबिकापुर। एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय के हायर एवं हायर सेकेंडरी के छात्र-छात्राएं गुरुवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर के विद्यालय से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर कलेक्टर से मिलने पहुंच गए। दरअसल भेलवाडीह एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थी लंबे समय से कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन्हीं दिक्कतों को लेकर वे विद्यालय के पास ही निवासरत सहायक आयुक्त से मिलने के लिए गुरुवार की सुबह ६ बजे पहुंचे। लेकिन सहायक आयुक्त उनसे नहीं मिले। इससे विद्यार्थी नाराज हो गए और कलेक्टर से मिलने पैदल ही चल पड़े।

जैसे ही विद्यालय के शिक्षकों को इस बात की जानकारी लगी तो वे और प्राचार्य विद्यार्थियों से रास्ते में मिले और समझाइश देते हुए रोकने की कोशिश की। लेकिन विद्यार्थी नहीं माने, इधर सहायक आयुक्त को जैसे ही इसकी जानकारी मिली वे भी उन्हें रोकने के लिए अपने आवास से निकल गए।

विद्यालय से लगभग तीन किमी दूर सहायक आयुक्त ने विद्यार्थियों को समझाते हुए रोकने की कोशिश की, लेकिन विद्यार्थी कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़े रहे और आगे बढ़ गए। इधर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय में पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गई। लगभग १० किमी का सफर तय कर ६०-७० विद्यार्थी कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर से मिलने की जिद करने लगे। उनकी यह मांग पूरी हुई और उन्होंने प्राचार्य, शिक्षकों के साथ कलेक्टर रिमिजियुस एक्का से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने उनकी बातों को सुना और सहायक आयुक्त को सारी समस्याएं जल्द निराकृत करने के निर्देश दिए।


विद्यार्थियों की ये हैं प्रमुख समस्याएं
विद्यार्थियों ने समस्याओं का जिक्र करते हुए बताया कि मार्कशीट में फोटो किसी और का तथा अंक सूची किसी और की है। वहीं विद्यालय का समय सुबह ७.३० बजे से देर शाम ७.३० बजे तक है। इससे हमें अन्य कार्यों के लिए समय नहीं मिल पाता है। इसके अलावा छात्रावास में कंबल-मच्छरदानी की कमी, भोजन आदि व्यवस्थाएं सही नहीं है। हमने कई बार प्राचार्य को इन समस्याओं से अवगत कराया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, गुरुवार की सुबह सहायक आयुक्त भी हमसे नहीं मिले, मजबूरन हमें यहां आना पड़ा। हमारी प्रमुख समस्या मार्कशीट में त्रुटियों को सुधारना है।


प्राचार्य व सहायक आयुक्त ने ये कहा
विद्यालय के प्राचार्य धनेश्वर सिंह ने कहा कि बच्चों द्वारा समस्याओं से अवगत कराया गया था। अधिकारियों को सारी जानकारी दे दी गई है। बोर्ड से भी पत्राचार किया गया है, समस्याएं जल्द निराकृत हो जाएंगी, लेकिन लेकिन इसमें थोड़ा समय लगता है। वहीं सहायक आयुक्त राकेश सोनी ने कहा कि स्थानीय स्तर की समस्याएं एवं स्कूल की टाइमिंग का निराकरण त्वरित हो जाएगा। लेकिन बोर्ड एवं उच्च स्तर की जो दिक्कतें हैं, इनके निराकरण में थोड़ा समय लगेगा।