चंदवाजी. जयपुर-दिल्ली राजमार्ग किनारे लखेर शीतला माता मंदिर के पास स्थित तीन सौ फीट ऊंची पहाड़ी से सोमवार शाम को एक युवक गिर गया। गंभीर हालत में घायल को पुलिस ने निम्स अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस युवक की पहचान के प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी उदय सिंह यादव ने बताया कि सोमवार शाम को लखेर स्थित पहाड़ी पर एक पर युवक के चढ़ने और पत्थर फेंकने की सूचना मिली। इस पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक रामस्वरूप सैनी सहित पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को समझाइश कर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन युवक नीचे नहीं उतरा और पत्थर फेंकने लगा। जिस पर पुलिस ने सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम को भी सूचना दी। इस दौरान पुलिसकर्मी पहाड़ी की चोटी पर चढ़ने लगे, लेकिन युवक असंतुलित हो गया और पहाड़ी की चोटी से नीचे गिर गया। बेहोश होने के कारण युवक की जानकारी नहीं मिल पा रही है। फिलहाल युवक पहाड़ी पर क्यों चढ़ा इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।
खनन से बिगड़ा पहाड़ी का स्वरूप, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
लखेर स्थित इस पहाड़ी पर 4 से 5 स्टोन क्रेशर संचालित है। वर्तमान में तीन क्रेशर चल रहे हैं, जिनमें खनन होता है। कई जगह खनन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा और ना ही कहीं कोई तारबंदी और चेतावानी बोर्ड और संकेतक लगे हुए। ऐसे में यहां पर आसानी से युवक और पशु चढ़ सकते हैं। शिकायतों के बावजूद पुलिस प्रशासन तथा खनन विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते।