
नारेहडा@पत्रिका. कुहाड़ा के छापाला भैरूजी मंदिर में गुरुवार को भरने वाले लक्खी मेले के लिए ग्रामीणों में उत्साह है। बुधवार को करीब 11 हजार महिलाओं की ओर से कलश यात्रा निकाली जाएगी और गुरुवार को भण्डारा व दोपहर में धमाल कार्यक्रम आयोजित होगा। भैरू बाबा मन्दिर पर हेलीकॉप्टर से पुष्वपर्षा की जाएगी। पिछले एक माह से ग्रामीण जन सहयोग व भंडारे की तैयारियों में जुटे हुए हैं। ग्रामीण 551 क्विंटल चूरमे की प्रसादी बनाने में लगे हुए हैं। चूरमे में जेसीबी से खांड, घी, काजू, बादाम, किशमिश व खोपरा मिलाने के बाद 10 ट्राॅलियों में चूरमे की प्रसादी को भरकर रखा गया है। मन्दिर पुजारी रोहिताश बोफा ने बताया कि वार्षिकोत्सव में दूरदराज से श्रद्धालु आते हैं। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। वार्षिकोत्सव में ग्रामीण एकजुट होकर सहयोग करते हैं। ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली, थ्रेसर, कंप्रेसर, जेसीबी की सुविधा निःशुल्क अपने स्तर पर ही करते हैं।