
जयपुर. बादलों ने सोमवार को सर्दी के तेवर और तीखे कर दिए। सोमवार सुबह ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वेधशाला के अनुसार इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पर पहुंच गया। उल्लेखनीय की एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री था। वहीं बधाल सहित आसपास के गांवों में पारे में गिरावट के साथ सर्दी का प्रकोप बढ़ रहा है। लोग जगह-जगह अलाव का सहारा लेकर सर्दी से बचाव कर रहे हैं।
खेतों में पानी के पाइप व घास पर ओस की बूंदें जमने लगी हैं। हालात ये हैं कि बाजारों में शाम ढलते ही सन्नाटा पसर जाता है। व्यापारी भी शाम को जल्दी ही दुकान बंद कर चले जाते हैं। इधर, कालवाड़ क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी ने लोगों की धूजणी छुड़ा दी है। लोग सर्दी से बचाव के लिए या तो सुबह अलाव जला रहे हैं या फिर बिस्तरों में देरी तक रहने लगे हैं। कालवाड़, हाथोज, मांचवा, निवारू रोड, बैनाड़ रोड, खोराबीसल, जयरामपुरा, चतरपुरा, रोजदा, मुंडोता, भैंसावा, हिंगोनियां, जोरपुरा, बेगस, फतेहपुरा, धानक्या, महेशवास आदि जगहों पर कड़ाके की सर्दी में रबी की फसल प्रभावित होने लगी है जिससे किसान चिन्ता में हैं। सोमवार सुबह खेतों में गेहूं, जौ आदि फसलों पर बर्फ की परत नजर आई।